KNEWS DESK- नेशनल एलिजिबिलिटी कम एंट्रेंस टेस्ट अंडरग्रेजुएट (NEET UG) 2026 के नतीजों को लेकर सोशल मीडिया पर चल रहे विवाद पर नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (NTA) ने स्थिति स्पष्ट कर दी है। NTA ने छात्रा आर्या सिंह की वायरल OMR आंसर शीट में कथित धांधली के दावों को खारिज करते हुए इसे डिजिटल रूप से एडिट की गई फर्जी तस्वीर बताया है।
NTA की ओर से जारी आधिकारिक बयान में कहा गया है कि छात्रा का घोषित स्कोर पूरी तरह सही और सत्यापित है। छात्रा को NEET UG 2026 में 167 अंक प्राप्त हुए हैं और इस स्कोर में किसी भी तरह का बदलाव नहीं किया जाएगा।
सोशल मीडिया पर वायरल हुई थी OMR शीट
दरअसल, हाल ही में सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर एक OMR आंसर शीट वायरल हुई थी, जिसमें कुछ लोगों ने परीक्षा परिणाम और आंसर शीट में गड़बड़ी के आरोप लगाए थे। वायरल पोस्ट में दावा किया गया था कि छात्रा की OMR शीट के साथ छेड़छाड़ की गई है।
मामला सामने आने के बाद NTA ने अपने रिकॉर्ड की जांच की और छात्रा के आवेदन नंबर 260410434102 से जुड़े सभी दस्तावेजों का मिलान किया। जांच के बाद एजेंसी ने स्पष्ट किया कि सोशल मीडिया पर प्रसारित की जा रही OMR शीट असली नहीं है। NTA ने अपने आधिकारिक सोशल मीडिया हैंडल से जानकारी साझा करते हुए बताया कि छात्रा की वास्तविक OMR शीट एजेंसी के पास सुरक्षित है। यही मूल OMR शीट आंसर की चैलेंज विंडो के दौरान छात्रा की पंजीकृत ईमेल आईडी पर भी उपलब्ध कराई गई थी। एजेंसी के अनुसार, सोशल मीडिया पर वायरल हो रही तस्वीर वास्तविक OMR शीट की एडिट की गई कॉपी है। जांच में कई ऐसे संकेत मिले हैं, जिनसे डिजिटल छेड़छाड़ की पुष्टि होती है।
इनविजिलेटर के हस्ताक्षर समय में किया गया बदलाव
NTA ने बताया कि असली OMR शीट पर इनविजिलेटर के हस्ताक्षर का समय 3:45 PM दर्ज था। वायरल की गई फर्जी तस्वीर में इस समय को बदलकर 2:45 PM कर दिया गया था। एजेंसी ने कहा कि इसके अलावा वायरल दस्तावेज में अन्य डिजिटल बदलाव के निशान भी पाए गए हैं, जिससे यह स्पष्ट होता है कि OMR शीट के साथ छेड़छाड़ की गई थी।
NTA ने छात्रों और अभिभावकों से अपील की है कि वे सोशल मीडिया पर प्रसारित होने वाली अपुष्ट जानकारी पर भरोसा न करें। एजेंसी ने कहा कि परीक्षा प्रक्रिया में पारदर्शिता बनाए रखने के लिए सभी जरूरी कदम उठाए जाते हैं और किसी भी शिकायत की जांच तथ्यों और आधिकारिक रिकॉर्ड के आधार पर की जाती है। NEET UG जैसे राष्ट्रीय स्तर की परीक्षा के परिणामों को लेकर सामने आने वाले किसी भी विवाद पर NTA ने छात्रों से केवल आधिकारिक जानकारी पर विश्वास करने की सलाह दी है। NTA के इस स्पष्टीकरण के बाद आर्या सिंह की OMR शीट को लेकर चल रहे विवाद पर विराम लग गया है। एजेंसी ने दोहराया है कि छात्रा का 167 अंकों का परिणाम पूरी तरह वैध है और इसमें कोई संशोधन नहीं किया जाएगा।