KNEWS DESK –मोहित सूरी की सुपरहिट फिल्म ‘सैयारा’ का टाइटल ट्रैक जहां दर्शकों के बीच जबरदस्त लोकप्रिय हुआ, वहीं अब इसी गाने को लेकर विवाद खड़ा हो गया है। मशहूर म्यूजिक कंपोजर तनिष्क बागची ने यशराज फिल्म्स (YRF) पर रॉयल्टी की रकम को लेकर सवाल उठाए हैं। हालांकि, उनके आरोपों के बाद अब प्रोडक्शन हाउस ने अपनी तरफ से सफाई जारी की है।
तनिष्क बागची ने लगाया रॉयल्टी नहीं मिलने का आरोप
तनिष्क बागची ने सोशल मीडिया पर एक लंबा पोस्ट शेयर करते हुए दावा किया था कि ‘सैयारा’ टाइटल ट्रैक की सफलता के बावजूद उन्हें अब तक करीब 8 लाख रुपये की रॉयल्टी नहीं मिली है।
उन्होंने कहा कि गाने को तैयार करने में उन्होंने काफी मेहनत, समय और जुनून लगाया था, लेकिन उन्हें उम्मीद के मुताबिक आर्थिक फायदा नहीं मिला। तनिष्क ने यह भी दावा किया कि YRF से मिली शुरुआती रकम प्रोडक्शन और म्यूजिक से जुड़े खर्चों में ही चली गई।
पोस्ट शेयर करने के बाद हटाया
तनिष्क बागची ने अपनी पोस्ट में लिखा कि इतने बड़े स्तर पर सफल हुए गाने से उन्हें ज्यादा कमाई की उम्मीद थी। उन्होंने रॉयल्टी की रकम को लेकर निराशा जाहिर की और कहा कि समय के साथ हर चीज सामने आ जाती है।
हालांकि, कुछ समय बाद तनिष्क ने यह पोस्ट अपने सोशल मीडिया अकाउंट से हटा दी।
YRF ने आरोपों को बताया गलत
तनिष्क के दावों के बाद यशराज फिल्म्स ने अपनी प्रतिक्रिया दी है। प्रोडक्शन हाउस ने कहा कि किसी भी कलाकार की पेमेंट नहीं रोकी गई है और सभी आर्टिस्ट्स को उनके कॉन्ट्रैक्ट के मुताबिक भुगतान किया गया है।
YRF की ओर से कहा गया कि ‘सैयारा’ का टाइटल ट्रैक तनिष्क बागची, फहीम अब्दुल्ला और अर्सलान निजामी का शानदार सहयोग था। कंपनी ने तीनों कंपोजर्स के काम की तारीफ करते हुए कहा कि गाने की रॉयल्टी एग्रीमेंट के अनुसार तीनों के बीच बराबर बांटी गई है।
YRF ने बताया- एग्रीमेंट के मुताबिक हुई पेमेंट
यशराज फिल्म्स ने कहा कि गाने से जुड़े सभी कलाकारों को तय शर्तों और समय के अनुसार भुगतान किया गया है। कंपनी ने यह भी साफ किया कि भविष्य में भी रॉयल्टी का वितरण समझौते के अनुसार जारी रहेगा।
बता दें कि फिल्म ‘सैयारा’ का टाइटल ट्रैक रिलीज के बाद काफी लोकप्रिय हुआ था। गाने ने म्यूजिक चार्ट्स पर शानदार प्रदर्शन किया और दर्शकों के बीच अपनी अलग पहचान बनाई।