वैशू को खत्म कर दिया…’ पूर्व प्रेमिका की हत्या के बाद मंगेतर को किया फोन, फिर प्रेमी ने उठाया खौफनाक कदम

नासिक में सनसनीखेज वारदात, शादी तय होने से नाराज था युवक; हत्या के बाद खुद भी कर ली आत्महत्या

Knews Desk- महाराष्ट्र के नासिक से एक दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है। यहां एक युवक ने अपनी पूर्व प्रेमिका की हत्या कर दी और वारदात की जानकारी उसके मंगेतर को फोन कर दी। इसके कुछ घंटे बाद आरोपी युवक ने खुद भी आत्महत्या कर ली। पुलिस के मुताबिक, युवक अपनी पूर्व प्रेमिका की किसी और से शादी तय होने से नाराज था और इसी वजह से उसने इस खौफनाक घटना को अंजाम दिया।

यह पूरा मामला नासिक के इंदिरानगर इलाके का है। पुलिस के अनुसार, 26 वर्षीय साहिल अशोक लव्हारे और जलगांव की रहने वाली वैष्णवी के बीच पहले प्रेम संबंध थे। दोनों यवतमाल जिले के उमरखेड़ में लिव-इन रिलेशनशिप में भी रह चुके थे। हालांकि, बाद में दोनों का रिश्ता टूट गया और दोनों अलग हो गए।

शादी तय होने से भड़का था आरोपी

ब्रेकअप के बाद वैष्णवी पढ़ाई के लिए नासिक आ गई और इंदिरानगर इलाके में एक पेइंग गेस्ट के तौर पर रहने लगी। इसी दौरान उसके परिवार ने उसकी शादी नासिक में काम करने वाले एक युवक से तय कर दी। वैष्णवी ने अपने मंगेतर को साहिल के साथ अपने पुराने रिश्ते के बारे में पूरी जानकारी दी थी।

जब साहिल को वैष्णवी की शादी तय होने की खबर मिली तो वह नाराज हो गया। पुलिस के मुताबिक, वह लगातार वैष्णवी को फोन कर शादी तोड़ने का दबाव बना रहा था। इसके बाद वह यवतमाल से करीब 500 किलोमीटर से ज्यादा का सफर तय कर नासिक पहुंच गया।

बातचीत के बहाने बुलाया और कर दिया हमला

शुक्रवार रात साहिल ने वैष्णवी को बातचीत करने के बहाने नासिक के वनसंपदा गार्डन के पास बुलाया। वहां दोनों के बीच काफी देर तक बहस हुई। इसी दौरान साहिल ने वैष्णवी के मंगेतर को फोन कर दिया और दोनों की बातचीत सुनाई देने लगी।

पुलिस के मुताबिक, जब वैष्णवी ने साहिल की बात मानने से इनकार कर दिया तो वह गुस्से में आ गया और उसने चाकू से हमला कर दिया। इस हमले में वैष्णवी की मौके पर ही मौत हो गई।

मंगेतर को फोन पर कहा- ‘वैशू खत्म हो गई’

हत्या के बाद साहिल ने वैष्णवी के मंगेतर को फोन किया और कहा, “वैशू फिनिश्ड, मैंने उसे आज खत्म कर दिया।” उसने मंगेतर से यह भी पूछा कि वह घटनास्थल तक कितनी देर में पहुंच सकता है। यह सुनते ही मंगेतर तुरंत मौके पर पहुंचा, लेकिन तब तक वैष्णवी की मौत हो चुकी थी।

घटना के बाद साहिल मौके से फरार हो गया। वहीं, करीब दो घंटे बाद पुलिस को सूचना मिली कि एक युवक का शव फंदे से लटका हुआ मिला है। जांच में शव की पहचान साहिल लव्हारे के रूप में हुई। पुलिस का कहना है कि हत्या के बाद आरोपी ने आत्महत्या कर ली।

फिलहाल नासिक पुलिस ने वैष्णवी के मंगेतर की शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस घटना से जुड़े सभी पहलुओं की जांच कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *