‘पूरा भारत देखेगा तुमने क्या जादू किया है…’, ‘रावण’ यश ने की ‘राम’ रणबीर की तारीफ, साई पल्लवी के लिए कही ये बात

KNEWS DESK – नई दिल्ली में आयोजित ‘रामायण’ के भव्य ‘प्रथम संकल्प’ इवेंट में फिल्म की पूरी टीम ने अपनी मौजूदगी से माहौल को खास बना दिया। नितेश तिवारी के निर्देशन में बन रही इस बहुप्रतीक्षित फिल्म को लेकर दर्शकों में पहले से ही काफी उत्साह है। कार्यक्रम में फिल्म के कलाकारों के साथ इंडस्ट्री की कई बड़ी हस्तियां भी शामिल हुईं। इसी दौरान लंकापति रावण का किरदार निभा रहे अभिनेता यश ने अपने अनुभव साझा किए और फिल्म से जुड़े कलाकारों की जमकर तारीफ की।

यश ने इवेंट में अपनी स्पीच की शुरुआत ‘नमस्ते’ से की। उन्होंने कहा कि इस बड़े प्रोजेक्ट का हिस्सा बनना उनके लिए बेहद खास अनुभव है। यश ने हिंदी में बोलने की कोशिश करते हुए कहा कि जब सभी लोग हिंदी में बात कर रहे हैं तो वह भी इसी भाषा में अपनी बात रखने की कोशिश करेंगे। उन्होंने इस फिल्म का हिस्सा बनाने के लिए निर्माता नमित मल्होत्रा का धन्यवाद किया और कहा कि इस किरदार के जरिए उन्हें बहुत कुछ सीखने का मौका मिला।

यश ने बताया ‘रामायण’ से जुड़ने का अनुभव

यश ने कहा कि ‘रामायण’ सिर्फ एक फिल्म नहीं है, बल्कि यह भारत की आस्था और संस्कृति से जुड़ी एक बड़ी कहानी है। उन्होंने कहा कि इस प्रोजेक्ट से जुड़े सभी लोग एक ही सोच और विश्वास के साथ काम कर रहे हैं। उनका उद्देश्य भगवान श्रीराम की कहानी को भारत ही नहीं, बल्कि पूरी दुनिया तक पहुंचाना है।

उन्होंने निर्माता नमित मल्होत्रा की तारीफ करते हुए कहा कि उन्होंने इस कहानी को ग्लोबल स्तर पर पेश करने का सपना देखा और उसे पूरा करने का साहस दिखाया। यश ने कहा कि नमित मल्होत्रा ने उनका मार्गदर्शन किया और इस किरदार को समझने में उनकी मदद की।

साई पल्लवी की एक्टिंग के कायल हुए यश

फिल्म में माता सीता का किरदार निभा रहीं साई पल्लवी की तारीफ करते हुए यश ने कहा कि वह एक शानदार अभिनेत्री हैं। उन्होंने कहा कि साई पल्लवी जब सीता के किरदार में नजर आएंगी तो दर्शकों को उनका अभिनय जरूर पसंद आएगा। यश ने खासतौर पर उनकी आंखों के भाव की तारीफ करते हुए कहा कि उनकी आंखें बहुत कुछ कह देती हैं।

रणबीर कपूर के लिए बोले- पूरा भारत देखेगा तुम्हारी मेहनत

भगवान श्रीराम की भूमिका निभा रहे रणबीर कपूर को लेकर भी यश ने अपनी बात रखी। उन्होंने रणबीर की मेहनत और समर्पण की तारीफ करते हुए कहा कि उन्होंने इस किरदार के लिए खुद को पूरी तरह समर्पित किया है। यश ने कहा कि जब दर्शक फिल्म देखेंगे तो उन्हें समझ आएगा कि रणबीर ने इस भूमिका के लिए कितनी मेहनत की है और उन्होंने पर्दे पर किस तरह का जादू रचा है।

काजल अग्रवाल निभाएंगी मंदोदरी का किरदार

‘रामायण’ में यश के अपोजिट अभिनेत्री काजल अग्रवाल नजर आएंगी। वह फिल्म में रावण की पत्नी मंदोदरी की भूमिका निभा रही हैं। हालांकि फिल्म के पहले भाग में उनका स्क्रीन टाइम सीमित होगा, क्योंकि कहानी राम के लंका पहुंचने तक के हिस्से पर केंद्रित होगी। इस बात की जानकारी खुद काजल अग्रवाल ने दी थी।

फिल्म में रणबीर कपूर, साई पल्लवी और यश के अलावा सनी देओल, रवि दुबे, अरुण गोविल, लारा दत्ता, विवेक ओबरॉय और रकुल प्रीत सिंह जैसे कलाकार भी महत्वपूर्ण भूमिकाओं में नजर आएंगे। ‘रामायण’ का ट्रेलर 24 जुलाई को दुनियाभर में रिलीज किया जाएगा, जिसके बाद दर्शकों को फिल्म की भव्य झलक देखने को मिलेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *