KNEWS DESK- राम मंदिर परिसर में चढ़ावे की धनराशि की गणना से जुड़ी सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत करने की तैयारी की जा रही है। चढ़ावा चोरी के आरोपों और विवाद के बाद श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट गणना कक्ष को वर्तमान स्थान से हटाकर अधिक सुरक्षित जगह पर स्थानांतरित करने की योजना बना रहा है।
सूत्रों के मुताबिक, गणना कक्ष को यात्री सुविधा केंद्र से हटाकर मंदिर परिसर के परकोटे के बेसमेंट में ले जाने की तैयारी है। इस बदलाव का उद्देश्य गणना प्रक्रिया को ज्यादा सुरक्षित, पारदर्शी और निगरानी के दायरे में लाना है। ट्रस्ट की ओर से जल्द ही इस प्रक्रिया को शुरू किया जा सकता है। नए गणना कक्ष में काम करने वाले कर्मचारियों के लिए सुरक्षा व्यवस्था को पहले से अधिक सख्त किया जाएगा। जानकारी के अनुसार, गणना प्रक्रिया से जुड़े कर्मियों को कई स्तरों के निरीक्षण और सुरक्षा जांच से गुजरना होगा। ट्रस्ट का उद्देश्य है कि मंदिर में आने वाले चढ़ावे की गणना पूरी पारदर्शिता के साथ हो और किसी भी तरह की गड़बड़ी की संभावना को खत्म किया जा सके। इसके लिए नए स्थान पर आधुनिक सुरक्षा व्यवस्था और निगरानी के इंतजाम किए जाएंगे।
श्रद्धालु एलईडी स्क्रीन पर देख सकेंगे गणना प्रक्रिया
गणना कक्ष को नए स्थान पर शिफ्ट करने के बाद श्रद्धालुओं के लिए भी विशेष व्यवस्था की जाएगी। योजना के अनुसार, श्रद्धालु परकोटे में लगी एलईडी स्क्रीन के माध्यम से चढ़ावे की गणना प्रक्रिया को देख सकेंगे।
ट्रस्ट का मानना है कि जो श्रद्धालु रामलला को धनराशि अर्पित करते हैं, उन्हें यह विश्वास होना चाहिए कि उनकी भेंट की गणना पूरी पारदर्शिता के साथ हो रही है। इसी उद्देश्य से गणना प्रक्रिया को सार्वजनिक निगरानी के दायरे में लाने की तैयारी की जा रही है राम मंदिर परिसर में चढ़ावे से जुड़े विवाद के बाद ट्रस्ट की कार्यप्रणाली और सुरक्षा व्यवस्था को लेकर चर्चाएं तेज हो गई थीं। इसके बाद मंदिर परिसर में धनराशि के प्रबंधन और निगरानी को लेकर नए कदम उठाए जा रहे हैं। ट्रस्ट पहले से ही मंदिर की व्यवस्थाओं को व्यवस्थित करने और सुरक्षा मानकों को मजबूत करने पर काम कर रहा है। गणना कक्ष का स्थानांतरण इसी दिशा में उठाया जा रहा एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।
इस बीच श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के निवर्तमान महासचिव चंपतराय से संघ के वरिष्ठ पदाधिकारियों ने मुलाकात की है। जानकारी के अनुसार, राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के सह सरकार्यवाह डॉ. कृष्णगोपाल और प्रांत विचारक कौशल किशोर ने चंपतराय से मुलाकात की। बताया जा रहा है कि बैठक में ट्रस्ट के नए स्वरूप, राम मंदिर निर्माण कार्यों और आगामी 30 तारीख को अयोध्या में प्रस्तावित संतों की बड़ी बैठक को लेकर चर्चा हुई सूत्रों के अनुसार, चंपतराय ने संघ पदाधिकारियों को हालिया घटनाक्रम और उससे जुड़े विभिन्न पहलुओं की जानकारी दी। बैठक को मंदिर से जुड़े प्रशासनिक और धार्मिक विषयों को लेकर महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
30 जुलाई की संत बैठक पर नजर
अयोध्या में होने वाली संतों की बैठक को भी काफी अहम माना जा रहा है। इस बैठक में मंदिर से जुड़े कई विषयों पर चर्चा होने की संभावना है। फिलहाल, राम मंदिर परिसर में सुरक्षा और पारदर्शिता बढ़ाने के लिए उठाए जा रहे कदमों पर सभी की नजर बनी हुई है। गणना कक्ष के स्थानांतरण और नई व्यवस्था लागू होने के बाद चढ़ावे की प्रक्रिया को और अधिक सुरक्षित बनाने की उम्मीद जताई जा रही है।