Knews Desk- पूर्व प्रधानमंत्री और जेडीएस प्रमुख एचडी देवेगौड़ा की पत्नी चेन्नम्मा का शनिवार को 85 साल की उम्र में निधन हो गया। लंबे समय से स्वास्थ्य संबंधी परेशानियों से जूझ रहीं चेन्नम्मा ने बेंगलुरु के मणिपाल अस्पताल में अंतिम सांस ली। सांस लेने में तकलीफ के बाद उन्हें 15 जुलाई को अस्पताल के आईसीयू में भर्ती कराया गया था, जहां विशेषज्ञ डॉक्टरों की टीम लगातार उनकी निगरानी कर रही थी।
अस्पताल के डॉक्टरों के मुताबिक चेन्नम्मा की हालत लगातार गंभीर बनी हुई थी। उन्हें बेहतर इलाज और विशेषज्ञ देखभाल दी जा रही थी, लेकिन तमाम प्रयासों के बावजूद उनकी सेहत में सुधार नहीं हो सका। शनिवार को उन्होंने दम तोड़ दिया। उनके निधन की खबर सामने आते ही परिवार, समर्थकों और जेडीएस कार्यकर्ताओं में शोक की लहर दौड़ गई।
अस्पताल में बढ़ाई गई सुरक्षा व्यवस्था
चेन्नम्मा के निधन के बाद बड़ी संख्या में नेता, रिश्तेदार और जेडीएस कार्यकर्ता उनके अंतिम दर्शन के लिए मणिपाल अस्पताल पहुंचने लगे। भीड़ को देखते हुए अस्पताल परिसर के आसपास सुरक्षा बढ़ा दी गई। बेंगलुरु के पुलिस आयुक्त सीमांत कुमार सिंह ने भी मौके पर पहुंचकर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया।
1954 में हुई थी एचडी देवेगौड़ा से शादी
चेन्नम्मा का जन्म कर्नाटक के हासन जिले के हीरेहल्ली गांव में हुआ था। उनका विवाह 25 मई 1954 को एचडी देवेगौड़ा से हुआ था। इस दंपति के छह बच्चे हैं, जिनमें चार बेटे और दो बेटियां शामिल हैं। उनके बच्चों में एचडी रेवन्ना, एचडी बालकृष्ण, एचडी रमेश गौड़ा, एचडी कुमारस्वामी, शैलजा और अनुसूया शामिल हैं।
देवेगौड़ा के राजनीतिक सफर में निभाई अहम भूमिका
चेन्नम्मा को एचडी देवेगौड़ा के राजनीतिक जीवन की मजबूत आधारशिला माना जाता था। जब देवेगौड़ा राजनीति में सक्रिय रहते थे, तब चेन्नम्मा ने परिवार की जिम्मेदारियां संभालीं और बच्चों की परवरिश से लेकर उनकी शिक्षा तक का पूरा ध्यान रखा। उन्होंने एक समर्पित पत्नी और मां के रूप में परिवार को मजबूती दी।
2001 में हुआ था तेजाब हमला
चेन्नम्मा पर साल 2001 में एक गंभीर हमला भी हुआ था। फरवरी 2001 में हरदनहल्ली में मंदिर से लौटते समय उन पर तेजाब फेंका गया था, जिसमें वह बुरी तरह घायल हो गई थीं। हालांकि इलाज के बाद वह पूरी तरह स्वस्थ हो गई थीं। इस घटना के बाद भी उन्होंने हिम्मत नहीं हारी और परिवार की जिम्मेदारियां निभाती रहीं।
पूर्व प्रधानमंत्री एचडी देवेगौड़ा की पत्नी चेन्नम्मा के निधन से राजनीतिक जगत में शोक की लहर है। कई नेताओं और समर्थकों ने उनके निधन पर दुख जताते हुए श्रद्धांजलि अर्पित की है।