शहडोल को ₹357.71 करोड़ की सौगात, 82 विकास कार्यों का लोकार्पण-भूमिपूजन, बिरसा मुंडा की प्रतिमा का भी अनावरण

knews desk – जनजातीय गौरव सप्ताह के कार्यक्रम में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने भगवान बिरसा मुंडा को जनजातीय अस्मिता का महानायक बताते हुए उनके योगदान को याद किया। उन्होंने कहा कि बिरसा मुंडा ने धर्मांतरण के खिलाफ लड़ाई लड़ी और देश-धर्म के लिए स्वयं को बलिदान कर दिया। इस दौरान मुख्यमंत्री ने शहडोल जिले को 357.71 करोड़ रुपये के 82 विकास कार्यों की सौगात दी।

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि भगवान बिरसा मुंडा ने धर्मांतरण के खिलाफ लड़ाई लड़ी और विजय श्री हासिल की। उन्होंने देश-धर्म के लिए स्वयं को बलिदान कर दिया। ‘अपना देश, अपना राज’ का उद्घोष करने वाले बिरसा मुंडा जनजातीय अस्मिता के महानायक थे। उन्होंने आदिवासी जननायक वीर बूदु भगत और मदारा महतो को भी याद किया और कहा कि दोनों ने 1831 और 1832 में अद्वितीय लड़ाई लड़ी थी।

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार ने वीरांगना रानी दुर्गावती का स्मरण करते हुए जबलपुर से जनजातीय गौरव सप्ताह का शुभारंभ किया था। इसके बाद धार में लगभग 1400 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित माइकों उद्वहन सिंचाई परियोजना की सौगात दी गई। उन्होंने कहा कि पिछले दिनों जनजातीय क्षेत्रों में सिंचाई का रकबा बढ़ाने के लिए लगभग 4000 करोड़ रुपये की सौगात मिली है। जनजातीय गौरव सप्ताह के दौरान प्रदेशभर के अलग-अलग शहरों में अनेक कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि जनजातीय गौरव सप्ताह के तहत शहडोल जिले को 357.71 करोड़ रुपये की लागत के 82 विकास कार्यों का भूमिपूजन एवं लोकार्पण किया गया। इनमें 10 कार्यों का लोकार्पण भी शामिल है। जनजातीय कार्य विभाग के छात्रावासों में डोरमेट्री, शौचालय, स्नानगृह और सीसी रोड के साथ विद्यालयों में अतिरिक्त कक्ष, प्रयोगशालाएं, पुस्तकालय कक्ष एवं बाउंड्रीवॉल का निर्माण किया गया है।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में जयसिंह नगर को 291 करोड़ रुपये की लागत से बिजली की सुविधा भी मिलेगी। शहडोल सहित सभी क्षेत्रों के समग्र विकास के लिए सरकार संकल्पित है और जनकल्याणकारी कार्यों के लिए उसका संघर्ष निरंतर जारी रहेगा।

मुख्यमंत्री ने कहा कि शहडोल में अगले महीने 4000 करोड़ रुपये की लागत वाली नई औद्योगिक इकाई का भूमि-पूजन किया जाएगा। बच्चों को सांदीपनि विद्यालयों की सौगात मिल रही है। इसके साथ ही पीएम जनमन, नल से जल, उज्ज्वला गैस कनेक्शन और पीएम आवास जैसी योजनाओं का लाभ भी जनजातीय क्षेत्रों को मिल रहा है। भगवान बिरसा मुंडा की जयंती एवं जनजातीय गौरव दिवस के अवसर पर तीन दिनों तक बड़े स्तर पर विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए गए।

उन्होंने बताया कि पूरे जनजातीय गौरव सप्ताह के दौरान प्रदेश के स्कूलों एवं कॉलेजों में लगभग डेढ़ हजार कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि वर्ष 2002-03 से लेकर अब तक सरकारों ने कुल 60 लाख हेक्टेयर सिंचाई का रकबा बढ़ाया है। उन्होंने कहा कि एक समय ऐसा था जब प्रदेशवासियों को रात में भी बिजली नहीं मिलती थी, लेकिन मध्यप्रदेश अब बिजली सरप्लस राज्य बन गया है।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि मध्यप्रदेश में जनजातीय समुदाय में 43 जातियां शामिल हैं। प्रदेश के ग्रामीण अंचलों में एक बार फिर मुख्यमंत्री सुगम परिवहन बस सेवाएं दौड़ेंगी। वन अधिकार पट्टे के मालिकों को भी नि:शुल्क रजिस्ट्री योजना का लाभ मिलेगा। मुख्यमंत्री रजिस्ट्री योजना के माध्यम से अब तक ग्रामीण आबादी की 20 लाख 50 हजार संपत्तियों की रजिस्ट्री हो चुकी है। सरकार का लक्ष्य 50 लाख रजिस्ट्रियां करने का है।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह के नेतृत्व में मध्यप्रदेश ने देश में सबसे पहले नक्सलियों का खात्मा कर लाल सलाम को आखिरी सलाम किया है। एक समय ऐसा था जब लोग शहडोल, बालाघाट, मंडला और डिंडौरी आने से डरते थे, लेकिन सरकार ने नक्सलवाद की बीमारी को जड़ से खत्म किया है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि हर घर में दुग्ध उत्पादन को बढ़ावा देने के लिए सरकार पशुपालन को प्रोत्साहित कर रही है। साथ ही सहकारी समितियों के माध्यम से किसानों और पशुपालकों को बेहतर कीमत दिलाने के लिए सरकार प्रतिबद्ध है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *