‘प्रणाम’ करने पर छात्र की पिटाई का आरोप, बिहार में स्कूल गेट पर अभिभावकों का हंगामा

Knews Desk- बिहार के पश्चिम चंपारण जिले में एक सरकारी स्कूल के शिक्षक पर कक्षा 6 के छात्र के साथ मारपीट करने का आरोप लगा है। परिजनों का कहना है कि छात्र ने शिक्षक को सिर्फ ‘प्रणाम’ किया था, जिसके बाद शिक्षक ने उसे बेरहमी से पीट दिया। घटना के विरोध में शनिवार को अभिभावकों और ग्रामीणों ने स्कूल पहुंचकर जमकर प्रदर्शन किया और आरोपी शिक्षक के खिलाफ कार्रवाई की मांग की।

मामला बैरिया प्रखंड के राजकीय उत्क्रमित मध्य विद्यालय, सिरिसिया मठिया का है। यहां पढ़ने वाले छात्र इरशाद आलम के परिवार ने शिक्षक उमाकांत राम पर मारपीट का आरोप लगाया है। परिजनों के मुताबिक, शुक्रवार दोपहर करीब 2 बजे किसी बात को लेकर शिक्षक ने छात्र की पिटाई कर दी, जिससे वह घायल हो गया।

अस्पताल में कराया गया छात्र का इलाज

मारपीट के बाद छात्र को इलाज के लिए बैरिया प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसका उपचार किया। छात्र ने भी शिक्षक पर मारपीट करने का आरोप लगाया है। घटना के बाद परिवार में नाराजगी का माहौल है।

स्कूल गेट पर पहुंचे ग्रामीण, कार्रवाई की मांग

घटना से नाराज छात्र के परिजन और ग्रामीण शनिवार सुबह स्कूल पहुंच गए और मुख्य गेट पर प्रदर्शन शुरू कर दिया। प्रदर्शनकारियों ने शिक्षा विभाग के खिलाफ नारेबाजी करते हुए मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की।

अभिभावकों ने जिला शिक्षा पदाधिकारी से मौके पर पहुंचकर जांच करने और दोषी पाए जाने पर शिक्षक के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की। प्रदर्शन के चलते कुछ समय तक विद्यालय का माहौल तनावपूर्ण बना रहा।

स्कूल की व्यवस्था पर भी उठे सवाल

प्रदर्शन के दौरान कुछ छात्रों ने विद्यालय की कार्यप्रणाली को लेकर भी शिकायतें कीं। छात्रों का आरोप है कि स्कूल परिसर में बिरयानी, मटन और मछली बनाई जाती है और जन्मदिन की पार्टियां भी आयोजित की जाती हैं। हालांकि इन आरोपों की अभी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।

फिलहाल शिक्षा विभाग की ओर से मामले की जांच की बात कही गई है। जांच के बाद ही पूरे मामले की सच्चाई सामने आ सकेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *