प्रियंका चोपड़ा का ‘वाराणसी’ से नया अवतार, राजामौली ने रिलीज किया मंदाकिनी का दमदार लुक

KNEWS DESK – एसएस राजामौली की मोस्ट अवेटेड पैन-इंडियन फिल्म ‘वाराणसी’ को लेकर फैंस के बीच जबरदस्त उत्साह बना हुआ है। फिल्म की शूटिंग तेजी से चल रही है और इसे अप्रैल 2027 तक रिलीज करने की तैयारी है। फिल्म में महेश बाबू, प्रियंका चोपड़ा और पृथ्वीराज सुकुमारन जैसे बड़े सितारे नजर आने वाले हैं।

जन्मदिन पर सामने आया प्रियंका का नया लुक

प्रियंका चोपड़ा के 44वें जन्मदिन के मौके पर एसएस राजामौली ने फिल्म से उनका नया लुक शेयर किया है। फिल्म में प्रियंका ‘मंदाकिनी’ नाम की महिला का किरदार निभा रही हैं, जो कहानी में एक नेगेटिव भूमिका में नजर आएंगी।

https://www.instagram.com/p/Da6zwLXkjBZ/

राजामौली ने सोशल मीडिया पर प्रियंका का लुक शेयर करते हुए लिखा, “मुस्कुराए तो ग्रेस, ना मुस्कुराए तो आग… मंदाकिनी।” इसके साथ उन्होंने फिल्म ‘वाराणसी’ को हैशटैग करते हुए प्रियंका चोपड़ा को भी टैग किया।

महेश बाबू से होगा प्रियंका के किरदार का मुकाबला

फिल्म में प्रियंका का किरदार काफी दमदार बताया जा रहा है। रिपोर्ट्स के मुताबिक, मंदाकिनी के किरदार की कहानी में अहम भूमिका होगी और वह महेश बाबू के किरदार को कड़ी टक्कर देती नजर आएंगी।

राजामौली के इस पोस्ट पर महेश बाबू की पत्नी नम्रता शिरोडकर ने भी प्रतिक्रिया दी है। वहीं, फिल्म के ऑफिशियल सोशल मीडिया अकाउंट से भी इस लुक को शेयर किया गया है।

एक्शन के साथ डांस करती दिखेंगी प्रियंका

प्रियंका चोपड़ा इससे पहले फिल्म से अपने फर्स्ट लुक में पीली साड़ी में नजर आई थीं। एक्ट्रेस ने अपने किरदार को लेकर बताया था कि फिल्म में उन्होंने कई मुश्किल एक्शन सीक्वेंस किए हैं। इसके अलावा उन्होंने राजामौली से फिल्म में एक डांस नंबर शामिल करने की इच्छा भी जताई थी।

प्रियंका ने कहा था कि वह लंबे समय से किसी भारतीय फिल्म में डांस नंबर नहीं कर पाई थीं, इसलिए उन्होंने इस फिल्म में इसकी मांग की थी। ‘वाराणसी’ के जरिए प्रियंका लंबे समय बाद भारतीय सिनेमा में वापसी कर रही हैं।

एसएस राजामौली की ‘वाराणसी’ को बड़े पैमाने पर तैयार किया जा रहा है। फिल्म का बजट करीब 1200 से 1300 करोड़ रुपये बताया जा रहा है। खास बात यह है कि राजामौली और महेश बाबू ने शुरुआत में फीस लेने के बजाय प्रॉफिट शेयरिंग मॉडल पर काम करने का फैसला किया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *