KNEWS DESK – बॉलीवुड अभिनेता आमिर खान अपनी तीसरी शादी को लेकर लगातार सुर्खियों में बने हुए हैं। 5 जुलाई 2026 को उन्होंने अपनी लॉन्ग टाइम पार्टनर गौरी स्प्रैट के साथ शादी की थी। शादी के बाद जहां फैंस उन्हें नई जिंदगी की शुभकामनाएं दे रहे हैं, वहीं दूसरी तरफ अभिनेता को लेकर विवाद भी खड़े हो गए हैं।
लव जिहाद के आरोपों पर पहले ही दे चुके हैं जवाब
आमिर खान की शादी के बाद कुछ धार्मिक संगठनों और नेताओं ने उन पर लव जिहाद के आरोप लगाए थे। इन आरोपों पर अभिनेता ने सफाई देते हुए कहा था कि उनकी किसी भी पत्नी ने इस्लाम धर्म नहीं अपनाया है। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया था कि उनकी तीसरी पत्नी गौरी स्प्रैट हिंदू नहीं बल्कि क्रिश्चियन धर्म से ताल्लुक रखती हैं।
सोशल मीडिया पोस्ट में आमिर खान को धमकी का दावा
अब आमिर खान को लेकर एक नया विवाद सामने आया है। सोशल मीडिया पर लॉरेंस बिश्नोई गैंग के नाम से एक पोस्ट और ऑडियो वायरल हो रहा है, जिसमें अभिनेता को धमकी देने का दावा किया गया है। पोस्ट में आमिर खान पर कथित तौर पर “संस्कृति के खिलाफ” काम करने और लव जिहाद को बढ़ावा देने जैसे आरोप लगाए गए हैं।
वायरल पोस्ट में लिखा गया है कि, “मैं आरजू बिश्नोई और टायसन बिश्नोई (लॉरेंस बिश्नोई ग्रुप)। हमारी संस्कृति के खिलाफ हमारे देश में लव जिहाद के नाम पर आमिर खान जैसे लोग इसे बढ़ावा दे रहे हैं। इसका जवाब बहुत जल्द दिया जाएगा।”
पोस्ट में दी गई कार्रवाई की धमकी
वायरल पोस्ट में आगे लिखा गया है कि जो भी ऐसी चीजों को बढ़ावा देगा, उसे “अपने तरीके से जवाब” दिया जाएगा। इसमें स्टारडम के नाम पर कुछ चीजों को बढ़ावा देने वालों के खिलाफ कार्रवाई की बात भी कही गई है।
हालांकि, इस वायरल पोस्ट और ऑडियो की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। आमिर खान या उनकी टीम की ओर से भी इस मामले पर अभी कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है।
सलमान खान के बाद आमिर पर भी खतरे का दावा
गौरतलब है कि लॉरेंस बिश्नोई गैंग इससे पहले भी कई बॉलीवुड हस्तियों को धमकियां दे चुका है। सबसे ज्यादा चर्चा सलमान खान को मिली धमकियों को लेकर हुई थी। काला हिरण शिकार मामले को लेकर लॉरेंस बिश्नोई कई बार सलमान खान को निशाना बना चुका है। यहां तक कि उनके मुंबई स्थित घर के बाहर फायरिंग की घटना भी सामने आई थी, जिसके बाद उनकी सुरक्षा बढ़ा दी गई थी।