Knews Desk- पुणे के चर्चित केतन अग्रवाल हत्याकांड में अब प्रशासन ने आरोपी सिया गोयल के परिवार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है। खाद्य एवं औषधि प्रशासन (FDA) की टीम ने सिया गोयल के पिता की मार्केट यार्ड स्थित दुकान पर छापा मारकर उसे सील कर दिया। कार्रवाई के दौरान करीब 4 टन मिलावटी और घटिया गुणवत्ता वाले सामान को जब्त किया गया है।
FDA आयुक्त तुकाराम मुंडे के निर्देश पर हुई इस कार्रवाई में जांच टीम ने पाया कि दुकान कथित तौर पर बिना वैध लाइसेंस के संचालित की जा रही थी। अधिकारियों के मुताबिक, दुकान में रखे खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता मानकों के अनुरूप नहीं मिली। इसके बाद प्रशासन ने नियमों के उल्लंघन के चलते दुकान को दो दिनों के लिए बंद कर दिया।
जांच के दौरान FDA टीम ने मौके से करीब 8 लाख रुपये कीमत का 4,000 किलोग्राम सामान जब्त किया। इस कार्रवाई के बाद मार्केट यार्ड क्षेत्र के व्यापारियों में भी हड़कंप मच गया है।
क्या है केतन अग्रवाल हत्याकांड?
पुणे के लोहागढ़ किले में केतन अग्रवाल की मौत के मामले में पुलिस जांच में बड़ा खुलासा हुआ था। पुलिस के अनुसार, केतन की हत्या कथित तौर पर उसकी होने वाली पत्नी सिया गोयल ने अपने कथित प्रेमी चेतन चौधरी के साथ मिलकर की। आरोप है कि दोनों ने साजिश के तहत केतन को किले की पहाड़ी पर बुलाया और वहां से नीचे धक्का दे दिया। फिलहाल दोनों आरोपी पुलिस हिरासत में हैं और मामले की जांच जारी है।
केतन की मां ने पीएम मोदी से मांगा इंसाफ
बेटे की मौत के बाद केतन की मां ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को पत्र लिखकर न्याय की गुहार लगाई है। उन्होंने अपने पत्र में बेटे को खोने का दर्द बताते हुए दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। उन्होंने कहा कि उनका परिवार सिर्फ न्याय चाहता है, ताकि वे अपने बेटे की तस्वीर के सामने सम्मान के साथ खड़े हो सकें।
वहीं, केतन के पिता विशाल अग्रवाल ने भी राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू को ई-मेल भेजकर मामले की सुनवाई फास्ट ट्रैक कोर्ट में कराने और आरोपियों को कड़ी सजा दिलाने की मांग की है। उन्होंने अपने बेटे के लिए जल्द न्याय की अपील की है।