KNEWS DESK – बॉलीवुड के दिग्गज अभिनेता परेश रावल और अक्षय कुमार की जोड़ी दर्शकों को हमेशा पसंद आती रही है। दोनों कलाकारों ने कई फिल्मों में साथ काम किया है और उनकी कॉमिक टाइमिंग को खूब सराहा गया है। हाल ही में दोनों ‘भूत बंगला’ और ‘वेलकम टू द जंगल’ जैसी फिल्मों में भी साथ नजर आए हैं। हालांकि, साल 2023 में रिलीज हुई अक्षय कुमार की फिल्म ‘OMG 2’ में परेश रावल दिखाई नहीं दिए थे। अब एक्टर ने पहली बार इस फिल्म का हिस्सा नहीं बनने की वजह बताई है।
एक इंटरव्यू में परेश रावल ने खुलासा किया कि ‘OMG 2’ की कहानी जिस तरह बनी, उससे वह सहमत नहीं थे। उन्होंने बताया कि इस प्रोजेक्ट का शुरुआती आइडिया उनका था, लेकिन बाद में उन्हें कहानी और कॉन्सेप्ट का श्रेय नहीं दिया गया।
परेश रावल ने बताया कि उन्होंने ‘रोड टू संगम’ के डायरेक्टर अमित राय से संपर्क किया था और एक नए विषय पर फिल्म बनाने का आइडिया साझा किया था। उनका कहना था कि वह खुद लेखक नहीं हैं, लेकिन कहानी का आइडिया देने और स्क्रीनप्ले को बेहतर बनाने में मदद कर सकते हैं।
एक्टर के मुताबिक, यह कहानी एक ऐसे लड़के के इर्द-गिर्द थी, जिसकी निजी जिंदगी से जुड़ा एक वीडियो वायरल हो जाता है और उसे समाज में परेशानियों का सामना करना पड़ता है। कहानी में उसके पिता खजुराहो मंदिर में टूरिस्ट गाइड होते हैं। इस प्रोजेक्ट के लिए सेक्सोलॉजिस्ट डॉ. प्रकाश कोठारी से भी सलाह ली गई थी।
सलमान और अजय देवगन को भी सुनाई गई थी कहानी
परेश रावल ने बताया कि उन्होंने इस फिल्म में सलमान खान और अजय देवगन को बाइकर्स के किरदार के लिए अप्रोच करने का विचार किया था, लेकिन अलग विषय होने की वजह से दोनों ने इसमें दिलचस्पी नहीं दिखाई।
उन्होंने कहा कि उन्होंने अक्षय कुमार से संपर्क नहीं किया था, क्योंकि शुरुआत में यह फिल्म ‘OMG 2’ के सीक्वल के तौर पर नहीं बनाई जा रही थी, बल्कि एक अलग कहानी थी।
अक्षय कुमार की एंट्री के बाद बदला प्लान
परेश रावल के अनुसार, बाद में डायरेक्टर अमित राय ने अक्षय कुमार और प्रोड्यूसर अश्विन वर्दे से संपर्क किया। इसके बाद उन्हें जानकारी मिली कि अक्षय इस प्रोजेक्ट को करना चाहते हैं और इसे ‘OMG 2’ के रूप में पेश किया जा रहा है।
परेश रावल ने कहा कि उन्होंने इस बदलाव को स्वीकार नहीं किया और फिल्म से अलग होने का फैसला लिया। उनका मानना था कि कहानी में भगवान से जुड़ा एंगल जोड़ा गया, जबकि शुरुआती विचार कुछ और था।
उन्होंने यह भी बताया कि अक्षय कुमार ने उन्हें फिल्म में शामिल करने की कोशिश की थी, लेकिन वह अपने फैसले पर कायम रहे। परेश रावल ने कहा कि उन्हें सबसे ज्यादा दुख इस बात का है कि जिस कहानी और कॉन्सेप्ट पर उन्होंने काम किया, उसका उन्हें क्रेडिट नहीं मिला।