दिल्ली पुलिस को मिला नया कमिश्नर, IPS अनुराग कुमार संभालेंगे जिम्मेदारी; सतीश गोलचा का हुआ तबादला

Knews Desk- गृह मंत्रालय ने दिल्ली पुलिस के नए आयुक्त के रूप में 1994 बैच के आईपीएस अधिकारी अनुराग कुमार की नियुक्ति कर दी है। उन्होंने सतीश गोलचा की जगह ली है। अनुराग कुमार वर्तमान में इंटेलिजेंस ब्यूरो (IB) में स्पेशल डायरेक्टर के पद पर तैनात थे।

दिल्ली पुलिस के नए प्रमुख बनाए गए अनुराग कुमार को सुरक्षा और खुफिया मामलों का लंबा अनुभव है। वह 32 साल से अधिक समय से पुलिस सेवा में हैं। अपने कार्यकाल के दौरान उन्होंने दिल्ली पुलिस में कई महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां संभाली हैं। IB में जाने से पहले वह दिल्ली पुलिस में कई जिलों में डीसीपी के पद पर भी तैनात रह चुके हैं।

1994 बैच के IPS अधिकारी हैं अनुराग कुमार

आईपीएस अनुराग कुमार 1994 बैच के AGMUT कैडर के अधिकारी हैं। उन्होंने इंजीनियरिंग में स्नातक की डिग्री हासिल की है। पुलिस सेवा में उनके योगदान को देखते हुए उन्हें साल 2010 में सराहनीय सेवा के लिए पुलिस मेडल और 2016 में विशिष्ट सेवा के लिए राष्ट्रपति पुलिस मेडल से सम्मानित किया गया था।

पिछले पांच वर्षों में उन्हें दो बार प्रमोशन मिला है। अपने अनुभव और रणनीतिक मामलों में पकड़ के चलते उन्हें दिल्ली पुलिस की कमान सौंपी गई है।

अगस्त 2025 में कमिश्नर बने थे सतीश गोलचा

वहीं, सतीश गोलचा को अगस्त 2025 में दिल्ली पुलिस कमिश्नर बनाया गया था। उन्होंने एसबीके सिंह की जगह यह जिम्मेदारी संभाली थी। उनका कार्यकाल साल 2027 में पूरा होना था, लेकिन उससे पहले ही उन्हें पद से हटा दिया गया है।

गृह मंत्रालय के आदेश के अनुसार, सतीश गोलचा नए पुलिस कमिश्नर को कार्यभार सौंपने के बाद आगे की तैनाती के लिए दिल्ली के उपराज्यपाल (LG) को रिपोर्ट करेंगे।

सतीश गोलचा 1992 बैच के आईपीएस अधिकारी हैं। दिल्ली पुलिस प्रमुख बनने से पहले वह तिहाड़ जेल के महानिदेशक (DG) के पद पर कार्यरत थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *