Knews Desk- मध्य प्रदेश के छतरपुर जिले में बागेश्वर धाम से जुड़े विवादित मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। राजनगर थाना क्षेत्र में हुए कथित गोलीकांड के मामले में बागेश्वर धाम के पीठाधीश्वर पंडित धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री के भाई शालिग्राम गर्ग को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। उन पर एक युवक को गोली मारने का आरोप लगाया गया है।
पुलिस ने जांच के बाद शालिग्राम गर्ग समेत अन्य आरोपी को हिरासत में लिया और उन्हें अदालत में पेश किया। कोर्ट ने सुनवाई के बाद सभी आरोपियों को न्यायिक अभिरक्षा में भेजने का आदेश दिया, जिसके बाद उन्हें जेल भेज दिया गया। मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए पुलिस लगातार जांच में जुटी हुई है।
विवाद के बाद हुई थी कथित फायरिंग
जानकारी के मुताबिक, राजनगर थाना क्षेत्र में किसी विवाद के दौरान फायरिंग की घटना सामने आई थी। पीड़ित पक्ष की शिकायत के आधार पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की थी। घटना के बाद से ही पुलिस आरोपियों की तलाश कर रही थी।
छतरपुर के एडिशनल एसपी आदित्य पतले ने बताया कि इस मामले में कुल चार लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई थी। इनमें तीन आरोपी नामजद थे, जबकि एक आरोपी की पहचान अभी नहीं हो पाई है। पुलिस ने नामजद आरोपियों में से दो लोगों को गिरफ्तार कर लिया है।
दो आरोपी गिरफ्तार, बाकी की तलाश जारी
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार किए गए आरोपियों में शालिग्राम गर्ग और अंकित मिश्रा शामिल हैं। दोनों को हिरासत में लेने के बाद कानूनी प्रक्रिया पूरी करते हुए राजनगर कोर्ट में पेश किया गया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया।
वहीं, पुलिस फरार आरोपियों की तलाश में जुटी हुई है। अधिकारियों का कहना है कि जांच के दौरान सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
घटना में इस्तेमाल हथियार बरामद
पुलिस ने बताया कि कथित घटना में इस्तेमाल किए गए हथियार को भी बरामद कर लिया गया है। हथियार की जांच और फॉरेंसिक रिपोर्ट के बाद घटना से जुड़े अन्य पहलुओं की जानकारी सामने आ सकेगी।
फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और फरार आरोपियों को पकड़ने के लिए लगातार दबिश दी जा रही है।