KNEWS DESK – समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव को लेकर लगाए गए एक विवादित होर्डिंग ने उत्तर प्रदेश की राजनीति में हलचल बढ़ा दी है। सीतापुर में लगाए गए इस होर्डिंग को लेकर सपा ने कड़ी नाराजगी जताई है। सपा सांसद आनंद भदौरिया मौके पर पहुंचे और खुद होर्डिंग को हटाकर उसे आग के हवाले कर दिया।
मामला सीतापुर की कांशीराम कॉलोनी के पास बाईपास का बताया जा रहा है। होर्डिंग सामने आने के बाद इलाके में चर्चा शुरू हो गई। सपा सांसद ने इसे माहौल खराब करने की कोशिश बताते हुए प्रशासन से जांच और कार्रवाई की मांग की है।
होर्डिंग में मुलायम और अखिलेश को लेकर टिप्पणी
जानकारी के मुताबिक, विवादित होर्डिंग में समाजवादी पार्टी के संस्थापक मुलायम सिंह यादव और सपा प्रमुख अखिलेश यादव की तस्वीरें लगाई गई थीं। पोस्टर पर “दिल में बाबर, मुंह में राम” जैसी टिप्पणी लिखी थी।
होर्डिंग की जानकारी मिलते ही सपा सांसद आनंद भदौरिया समर्थकों के साथ मौके पर पहुंचे। उन्होंने पोस्टर को हटाया और उसे जला दिया। सांसद का कहना है कि इस तरह की हरकतें समाज में तनाव पैदा करने के उद्देश्य से की जा रही हैं।
सपा सांसद ने लगाए गंभीर आरोप
आनंद भदौरिया ने इस मामले को लेकर सरकार और सूचना विभाग पर सवाल उठाए। उन्होंने आरोप लगाया कि यह किसी आम व्यक्ति का काम नहीं हो सकता और इसके पीछे सरकारी तंत्र की भूमिका हो सकती है।
उन्होंने कहा कि इस तरह के विवादित पोस्टर लगाना कायराना हरकत है। सांसद ने स्थानीय प्रशासन से पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने की मांग की।
पहले भी सामने आ चुके हैं ऐसे पोस्टर
बताया जा रहा है कि इससे पहले 22 जून को भी सीतापुर में इसी तरह के विवादित होर्डिंग लगाए जाने का मामला सामने आया था। उस समय शहर के बाहर लखनऊ-दिल्ली राष्ट्रीय राजमार्ग बाईपास पर ऐसे पोस्टर लगाए गए थे।
सपा सांसद का कहना है कि लगातार इस तरह की घटनाएं सामने आना चिंता का विषय है और पार्टी इस मामले को अपने नेतृत्व के सामने रखेगी।
फिलहाल विवादित होर्डिंग किसने लगाया, इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। पोस्टर पर किसी व्यक्ति, संस्था या संगठन का नाम भी नहीं था।