ऐ बेटा, कुछ नहीं होगा…. सांसद पप्पू यादव ने पेश की इंसानियत की मिसाल, घायल बच्चे को गोद में उठाकर पहुंचाया अस्पताल

Knews Desk- पूर्णिया में मंगलवार को एक सड़क हादसे के बाद ऐसा मानवीय दृश्य देखने को मिला, जिसने लोगों का ध्यान खींच लिया। सड़क पर घायल अवस्था में पड़े 10 वर्षीय छात्र अंकित कुमार की मदद के लिए पूर्णिया सांसद पप्पू यादव ने अपना काफिला रुकवाया और बिना देरी किए बच्चे को गोद में उठाकर अस्पताल पहुंचाया।

हादसे में घायल बच्चे की पहचान पूर्णिया कोर्ट स्टेशन निवासी चंदन पासवान के 10 वर्षीय बेटे अंकित कुमार के रूप में हुई है। अंकित मध्य विद्यालय पूर्णिया कोर्ट में कक्षा 3 का छात्र है। जानकारी के अनुसार, स्कूल की छुट्टी के बाद जब वह सड़क पार कर रहा था, तभी एक टोटो वाहन की चपेट में आ गया। टक्कर लगने के बाद उसके सिर और चेहरे पर गंभीर चोटें आईं और वह सड़क पर गिरकर दर्द से तड़पने लगा। घटना के समय सड़क पर लोगों की भीड़ जमा हो गई थी। कुछ लोग मदद करने के बजाय सिर्फ घटना को देख रहे थे और वीडियो बना रहे थे। इसी दौरान सांसद पप्पू यादव का काफिला उसी रास्ते से गुजर रहा था। घायल बच्चे को देखकर उन्होंने तुरंत गाड़ी रुकवाई और मौके पर पहुंचे।

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, एक बच्चे ने काफिले को रुकने का इशारा किया, जिसके बाद सांसद तुरंत नीचे उतरे। उन्होंने घायल अंकित को अपनी गोद में उठाया और उसे अपनी निजी गाड़ी से राजकीय चिकित्सा महाविद्यालय एवं अस्पताल (जीएमसीएच) पहुंचाया। अस्पताल जाते समय वह लगातार बच्चे को हिम्मत देते रहे और कहते रहे, “ऐ बेटा, कुछ नहीं होगा… हम हैं।” अस्पताल पहुंचने के बाद सांसद ने डॉक्टरों से तुरंत इलाज शुरू करने को कहा और खुद बच्चे की हालत की जानकारी लेते रहे। डॉक्टरों ने जांच के बाद बताया कि अंकित की स्थिति फिलहाल स्थिर है और वह खतरे से बाहर है। हादसे की जानकारी मिलने पर बच्चे के माता-पिता भी अस्पताल पहुंच गए।

इस दौरान सांसद ने उस बच्चे की भी आर्थिक मदद की, जिसने साहस दिखाकर काफिले को रोककर घायल छात्र की सहायता की थी। घटना के बाद पूरे पूर्णिया शहर में सांसद के इस कदम की चर्चा हो रही है। स्थानीय लोगों का कहना है कि जब कई लोग सिर्फ दर्शक बने हुए थे, तब सांसद ने संवेदनशीलता दिखाते हुए घायल बच्चे को समय पर अस्पताल पहुंचाया। लोगों ने इसे राजनीति से अलग मानवीय संवेदना और जिम्मेदारी का उदाहरण बताया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *