KNEWS DESK – कॉमेडी फिल्मों का जादू एक बार फिर दर्शकों के सिर चढ़कर बोल रहा है। साल 2025 में ‘हाउसफुल 5’ की शानदार कमाई के बाद अब 2026 में भी कॉमेडी फिल्मों का दबदबा देखने को मिल रहा है। अजय देवगन की फिल्म ‘धमाल 4’ रिलीज के साथ ही बॉक्स ऑफिस पर धमाकेदार प्रदर्शन कर रही है।
फिल्म ने रिलीज के तीन दिन पूरे कर लिए हैं और पहले वीकेंड में ही जबरदस्त कमाई दर्ज कर ली है। शुरुआती आंकड़ों के मुताबिक, फिल्म ने बॉक्स ऑफिस पर अपनी मजबूत पकड़ बना ली है और दर्शकों का अच्छा रिस्पॉन्स मिल रहा है।
पहले वीकेंड में 65 करोड़ का नेट कलेक्शन
रिपोर्ट्स के अनुसार, ‘धमाल 4’ ने रिलीज के पहले दिन करीब 14 करोड़ रुपये की कमाई के साथ शुरुआत की थी। इसके बाद दूसरे दिन फिल्म की कमाई में बढ़ोतरी हुई और फिल्म ने 22.50 करोड़ रुपये का कलेक्शन किया।
वहीं रविवार को फिल्म ने सबसे ज्यादा कमाई करते हुए 28.50 करोड़ रुपये जुटाए। इसके साथ ही फिल्म का तीन दिनों का नेट कलेक्शन करीब 65 करोड़ रुपये पहुंच गया है। वहीं ग्रॉस कलेक्शन की बात करें तो फिल्म ने अब तक करीब 78 करोड़ रुपये की कमाई कर ली है।
विदेशों में भी दिखा अजय देवगन का जलवा
‘धमाल 4’ को सिर्फ भारत में ही नहीं बल्कि विदेशों में भी अच्छा रिस्पॉन्स मिल रहा है। फिल्म ने तीन दिनों में ओवरसीज मार्केट से करीब 14 करोड़ रुपये की कमाई कर ली है।
इस तरह फिल्म का वर्ल्डवाइड कलेक्शन तीन दिन में करीब 92 करोड़ रुपये तक पहुंच गया है। माना जा रहा है कि फिल्म सोमवार को ही 100 करोड़ रुपये के क्लब में शामिल हो सकती है।
200 करोड़ के बजट पर बनी है फिल्म
रिपोर्ट्स के मुताबिक, अजय देवगन स्टारर ‘धमाल 4’ का बजट करीब 200 करोड़ रुपये बताया जा रहा है। ऐसे में फिल्म की शुरुआती कमाई काफी मजबूत मानी जा रही है।
अगर फिल्म की रफ्तार इसी तरह जारी रही तो आने वाले दिनों में यह अपने बजट को आसानी से पार कर सकती है। ट्रेड एनालिस्ट्स का मानना है कि फिल्म साल 2026 की सबसे ज्यादा कमाई करने वाली कॉमेडी फिल्मों की लिस्ट में शामिल हो सकती है।
साल 2026 में कॉमेडी फिल्मों की बात करें तो अक्षय कुमार की ‘भूत बंगला’ करीब 292 करोड़ रुपये के कलेक्शन के साथ सबसे आगे बताई जा रही है। इसके बाद ‘वेलकम टू द जंगल’ ने 180 करोड़ रुपये से ज्यादा की कमाई की है।