वियतनाम में भारतीय पर्यटकों से भरी नाव पलटी, कई लापता; भारतीय दूतावास ने जारी किए हेल्पलाइन नंबर

वियतनाम के फु क्वोक (Phu Quoc) द्वीप के पास भारतीय पर्यटकों को लेकर जा रही एक पर्यटक नाव हादसे का शिकार हो गई। नाव पलटने के बाद कई यात्रियों के लापता होने की आशंका है, जबकि स्थानीय प्रशासन और बचाव दल युद्धस्तर पर सर्च ऑपरेशन चला रहे हैं।

Knews desk- भारतीय दूतावास ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि हादसे के बाद वियतनामी प्रशासन ने तुरंत खोज एवं बचाव अभियान शुरू कर दिया है। फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हो सका है कि नाव में कुल कितने यात्री सवार थे और कितने लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला गया है। हादसे के कारणों की भी जांच की जा रही है।

भारतीय दूतावास ने क्या कहा?

वियतनाम स्थित भारतीय दूतावास ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर जारी बयान में कहा कि फु क्वोक द्वीप के पास भारतीय पर्यटकों को ले जा रही नाव के पलटने की दुखद घटना सामने आई है। दूतावास लगातार स्थानीय अधिकारियों के संपर्क में है और सभी भारतीय नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के प्रयास किए जा रहे हैं।

प्रभावित परिवारों के लिए कंट्रोल रूम स्थापित

हादसे के बाद भारतीय नागरिकों और उनके परिजनों की सहायता के लिए हो ची मिन्ह सिटी स्थित भारतीय महावाणिज्य दूतावास में कंट्रोल रूम बनाया गया है। इसके अलावा हनोई में भी एक हेल्प डेस्क स्थापित की गई है, ताकि जरूरत पड़ने पर तत्काल जानकारी और सहायता उपलब्ध कराई जा सके।

ये हैं हेल्पलाइन नंबर

परिजन और संबंधित लोग इन नंबरों पर संपर्क कर सकते हैं—

  • हो ची मिन्ह सिटी कंट्रोल रूम: +84 36 281 7930, +84 91 552 3714, +84 33 452 0414
  • हनोई कंट्रोल रूम: +84 91 308 9165

बचाव अभियान जारी

स्थानीय प्रशासन, तटरक्षक बल और राहत टीमें समुद्र में लापता लोगों की तलाश में जुटी हैं। भारतीय दूतावास ने कहा है कि जैसे-जैसे आधिकारिक जानकारी मिलेगी, उसे साझा किया जाएगा। फिलहाल मृतकों या घायलों की संख्या को लेकर कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *