Knews desk- उत्तर प्रदेश के वाराणसी जिले में महिलाओं की सुरक्षा को लेकर एक बार फिर गंभीर मामला सामने आया है। सिंधोरा थाना क्षेत्र की एक विवाहिता को शादी के बाद भी कथित तौर पर तीन युवकों ने परेशान करना नहीं छोड़ा। आरोप है कि आरोपी लगातार व्हाट्सएप पर अश्लील और आपत्तिजनक संदेश भेजते रहे। जब विवाहिता ने इसका विरोध किया तो आरोपियों ने गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी दी। पीड़िता के परिवार की शिकायत पर पुलिस ने तीनों आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पीड़िता की मां के अनुसार उनकी बेटी का विवाह हो चुका है और वह अपने ससुराल में रहती है। इसके बावजूद क्षेत्र के ही तीन युवक लगातार उसके मोबाइल नंबर पर अश्लील मैसेज भेजकर मानसिक रूप से प्रताड़ित कर रहे थे। शुरुआत में परिवार ने मामले को नजरअंदाज किया, लेकिन जब युवकों की हरकतें बढ़ गईं और धमकियां मिलने लगीं तो पुलिस से शिकायत करने का फैसला लिया गया।
शिकायत में कहा गया है कि विवाहिता ने कई बार आरोपियों को ऐसा करने से मना किया, लेकिन उन्होंने अपनी हरकतें बंद करने के बजाय अभद्र भाषा का प्रयोग किया और गंभीर परिणाम भुगतने की धमकी दी। इस घटना से पीड़िता और उसका पूरा परिवार भय और मानसिक तनाव में है।
परिजनों ने पुलिस को बताया कि आरोपियों द्वारा भेजे गए कुछ आपत्तिजनक मैसेज तकनीकी कारणों से डिलीट हो चुके हैं। हालांकि मोबाइल में उपलब्ध चैट, कॉल डिटेल और अन्य डिजिटल साक्ष्य पुलिस को सौंपे गए हैं। पुलिस अब इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्यों के आधार पर पूरे मामले की जांच कर रही है।
पुलिस ने पीड़िता की मां की तहरीर के आधार पर भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है। मामले की विवेचना उपनिरीक्षक बुध्दिलाल को सौंपी गई है। पुलिस आरोपियों की तलाश में संभावित ठिकानों पर दबिश भी दे रही है।
सिंधोरा थाना प्रभारी पंकज कुमार पांडेय ने बताया कि उपलब्ध मोबाइल चैट, डिजिटल साक्ष्यों और अन्य तथ्यों की गहन जांच की जा रही है। जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल मामले की जांच जारी है और आरोपों की पुष्टि जांच पूरी होने के बाद ही हो सकेगी।