Knews Desk- लखनऊ के पारा थाना क्षेत्र में शुक्रवार को एक बड़ा हादसा टल गया, जब नो-एंट्री में घुसे एक ट्रक ने बिजली के दो खंभों को टक्कर मार दी। इस घटना से इलाके की बिजली आपूर्ति बाधित हो गई और सड़क पर तार गिर गए।
सूर्या नगर क्रॉसिंग के पास, लखनऊ मॉडल पब्लिक स्कूल के निकट, ट्रक संख्या UP32LN8365 अनियंत्रित होकर बिजली के खंभे से टकरा गया। टक्कर इतनी भीषण थी कि दो खंभे क्षतिग्रस्त हो गए और बिजली के तार सड़क पर आ गिरे, जिससे क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई।
हादसे मे कोई जनहानि नही
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, हादसे के समय सड़क पर लोगों की आवाजाही थी। गनीमत रही कि कोई राहगीर या वाहन चालक इन गिरे हुए तारों की चपेट में नहीं आया, जिससे एक बड़ा हादसा टल गया। घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय लोग मौके पर जमा हो गए और उन्होंने बिजली विभाग तथा पुलिस को सूचित किया।
सूचना मिलने पर बिजली विभाग की टीम तुरंत मौके पर पहुंची। उन्होंने क्षतिग्रस्त लाइन की मरम्मत का कार्य शुरू किया और सुरक्षा कारणों से प्रभावित क्षेत्र की बिजली आपूर्ति अस्थायी रूप से बंद कर दी। अधिकारियों ने सड़क पर गिरे तारों को हटाने और क्षतिग्रस्त खंभों को बदलने की प्रक्रिया भी शुरू कर दी है।
स्थानीयों मे प्रशासन के विरूद्ध जताया आक्रोश
इस घटना के बाद स्थानीय लोगों में भारी नाराजगी देखी गई। उनका आरोप है कि नो-एंट्री लागू होने के बावजूद भारी वाहन शहर में कैसे प्रवेश कर जाते हैं। निवासियों ने प्रशासन से इस पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराने और दोषी वाहन चालक के साथ-साथ नो-एंट्री नियमों के पालन में लापरवाही बरतने वाले जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ भी सख्त कार्रवाई की मांग की है।
बिजली विभाग नुकसान का आकलन कर रहा है। स्थानीय लोगों का कहना है कि शहर में नो-एंट्री व्यवस्था को प्रभावी बनाने के लिए नियमित निगरानी और सख्त कार्रवाई आवश्यक है, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।