KNEWS DESK- आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस और मशीन लर्निंग के क्षेत्र में करियर बनाने की तैयारी कर रहे युवाओं के लिए आईआईटी कानपुर ने खास ऑनलाइन सर्टिफिकेट कोर्स की घोषणा की है। संस्थान की ओर से एप्लाइड मशीन लर्निंग और एजेंटिक एआई पर आधारित 7 सप्ताह का ऑनलाइन कोर्स शुरू किया जा रहा है। नए बैच की शुरुआत 1 दिसंबर 2026 से होगी। इस प्रोग्राम में प्रतिभागियों को मशीन लर्निंग की बुनियादी अवधारणाओं से लेकर आधुनिक एआई तकनीकों और एआई एजेंट तैयार करने तक की ट्रेनिंग दी जाएगी।
आईआईटी कानपुर के इस कार्यक्रम का नाम ‘एप्लाइड मशीन लर्निंग एंड एजेंटिक एआई : फंडामेंटल्स टू नेक्स्ट जनरेशन आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस’ है। सात सप्ताह के दौरान प्रतिभागियों को मशीन लर्निंग के सिद्धांतों के साथ आधुनिक एआई सिस्टम विकसित करने की प्रक्रिया समझाई जाएगी। कोर्स के पाठ्यक्रम में ट्रांसफॉर्मर तकनीक, लार्ज लैंग्वेज मॉडल यानी LLM, जनरेटिव एआई, मशीन लर्निंग ऑपरेशंस यानी MLOps, मॉडल डिप्लॉयमेंट और LLM इंफ्रास्ट्रक्चर जैसे महत्वपूर्ण विषय शामिल किए गए हैं।
एजेंटिक एआई और आधुनिक तकनीकों की मिलेगी ट्रेनिंग
इस बार कोर्स में एजेंटिक एआई का एक नया मॉड्यूल भी शामिल किया गया है। इसके तहत प्रतिभागियों को प्रॉम्प्ट इंजीनियरिंग, रिट्रीवल ऑगमेंटेड जनरेशन यानी RAG, लैंगचेन और एआई एजेंट तैयार करने की तकनीक सिखाई जाएगी।प्रशिक्षण के दौरान यह समझाया जाएगा कि ऐसे एआई सिस्टम किस तरह तैयार किए जाते हैं, जो उपलब्ध जानकारी के आधार पर तर्क कर सकें, जरूरी डेटा हासिल कर सकें और किसी काम को कई चरणों में पूरा कर सकें। इससे प्रतिभागियों को एआई के तेजी से बदलते क्षेत्र में इस्तेमाल होने वाली आधुनिक तकनीकों की व्यावहारिक जानकारी मिल सकेगी।
15 से ज्यादा प्रैक्टिकल प्रोजेक्ट पर मिलेगा काम का अनुभव
इस ऑनलाइन प्रोग्राम में 75 घंटे से ज्यादा की पढ़ाई शामिल होगी। इसके साथ ही प्रतिभागियों को 15 से ज्यादा प्रैक्टिकल प्रोजेक्ट पर काम करने का अवसर मिलेगा। इनमें फेशियल एक्सप्रेशन रिकग्निशन, लैंड यूज क्लासिफिकेशन, स्पीच इमोशन रिकग्निशन, एसएमएस स्पैम डिटेक्शन और बुक रिकमेंडेशन सिस्टम जैसे प्रोजेक्ट शामिल हैं। कोर्स के दौरान रिकॉर्डेड लेक्चर के साथ लाइव क्लास, सवाल-जवाब के सेशन और विशेषज्ञों के लेक्चर भी आयोजित किए जाएंगे। इस तरह प्रतिभागियों को सैद्धांतिक जानकारी के साथ व्यावहारिक प्रशिक्षण भी दिया जाएगा।
IIT Kanpur देगा सर्टिफिकेट
इस कार्यक्रम का समन्वय आईआईटी कानपुर के प्रोफेसर राजेश एम. हेगड़े और प्रोफेसर केतन राजावत करेंगे। प्रशिक्षण देने वाली टीम में आईआईटी दिल्ली, आईआईएससी बंगलूरू और ग्लासगो विश्वविद्यालय के शिक्षाविदों के साथ उद्योग जगत के विशेषज्ञ भी शामिल होंगे।
कोर्स को सफलतापूर्वक पूरा करने वाले प्रतिभागियों को आईआईटी कानपुर की ओर से प्रमाणपत्र दिया जाएगा। इस प्रोग्राम में स्टूडेंट्स, रिसर्चर्स, टीचर्स, कंपनियों में काम करने वाले प्रोफेशनल्स और उद्यमी हिस्सा ले सकते हैं। AI और मशीन लर्निंग की तकनीकी समझ बढ़ाने के इच्छुक लोगों के लिए यह ऑनलाइन प्रोग्राम एक उपयोगी अवसर हो सकता है।