KNEWS DESK- बॉलीवुड की मशहूर एक्ट्रेस सोनाली बेंद्रे आज भी अपनी खूबसूरती और फिटनेस के लिए जानी जाती हैं। उम्र के इस पड़ाव पर भी उनकी ग्लोइंग स्किन और पॉजिटिव लाइफस्टाइल लोगों को प्रेरित करती है। हाल ही में एक्ट्रेस ने अपने स्किन केयर रूटीन और उन आदतों के बारे में बताया, जिनकी मदद से वह अपनी त्वचा को हेल्दी और खूबसूरत बनाए रखती हैं। सोनाली ने एक इंटरव्यू में बताया कि उनकी खूबसूरती का राज सिर्फ महंगे ब्यूटी प्रोडक्ट्स नहीं, बल्कि उनकी रोजमर्रा की छोटी-छोटी आदतें हैं।

सुबह की शुरुआत मुस्कान के साथ करती हैं सोनाली बेंद्रे
सोनाली बेंद्रे ने बताया कि सुबह उठते ही वह सबसे पहले मुस्कुराती हैं। उनका मानना है कि दिन की शुरुआत सकारात्मक सोच के साथ करनी चाहिए। एक्ट्रेस ने बताया कि उन्होंने खुद से एक वादा किया है कि जब तक वह सुबह उठकर मुस्कुराएंगी नहीं, तब तक बिस्तर से नहीं उठेंगी। इसके बाद वह अपनी बॉडी को हाइड्रेट रखने के लिए करीब एक लीटर पानी पीती हैं।
सोनाली अपनी सुबह की शुरुआत एक कप ब्लैक कॉफी से करती हैं। खास बात यह है कि वह इसमें कुछ लौंग के टुकड़े भी डालती हैं। इसके अलावा वह अपनी त्वचा के लिए कई तरह के फेशियल ऑयल्स का इस्तेमाल करती हैं। उनका कहना है कि ये ऑयल्स स्किन को पोषण देने के साथ-साथ सर्कुलेशन बेहतर करने, सूजन कम करने और साइनस से जुड़ी परेशानी में भी मदद करते हैं।
कैंसर ट्रीटमेंट के बाद बदला स्किन केयर रूटीन
सोनाली बेंद्रे ने अपने कैंसर ट्रीटमेंट के बाद की स्किन केयर जर्नी के बारे में भी खुलकर बात की। उन्होंने बताया कि पहले वह अपनी त्वचा की देखभाल को लेकर ज्यादा ध्यान नहीं देती थीं और कई बार सिर्फ चेहरा धोकर ही छोड़ देती थीं। लेकिन ट्रीटमेंट के बाद उनकी त्वचा पहले से ज्यादा संवेदनशील हो गई। खासकर धूप में उनकी स्किन जल्दी प्रभावित होने लगी। इसके बाद उन्होंने अपनी स्किन केयर में सनस्क्रीन, मॉइस्चराइजर और ऑयल मसाज को शामिल किया।
सोनाली बेंद्रे के लिए बालों में तेल लगाना सिर्फ एक ब्यूटी रूटीन नहीं, बल्कि बचपन की यादों से जुड़ी आदत है। उन्होंने बताया कि उनके परिवार में मां और बहनों के साथ मिलकर बालों में तेल लगाने की परंपरा रही है। सभी एक-दूसरे के बालों में तेल लगाया करते थे। यही वजह है कि आज भी जब उन्हें समय मिलता है, तो वह अपने बालों में तेल जरूर लगाती हैं।
ब्रेकफास्ट नहीं करतीं सोनाली
सोनाली बेंद्रे ने अपनी डाइट के बारे में बताते हुए कहा कि वह सुबह नाश्ता नहीं करती हैं। वह इंटरमिटेंट फास्टिंग को फॉलो करती हैं और उनका पहला मील दोपहर के आसपास होता है। उनके अनुसार, रात के खाने के बाद वह करीब 18 से 20 घंटे तक फास्ट करती हैं। उनका मानना है कि यह रूटीन उन्हें फिट रहने और शरीर को बेहतर तरीके से मैनेज करने में मदद करता है।
सोनाली बेंद्रे का मानना है कि अच्छी स्किन के लिए सिर्फ बाहरी देखभाल ही जरूरी नहीं है, बल्कि अंदर से खुश रहना और स्वस्थ लाइफस्टाइल अपनाना भी उतना ही महत्वपूर्ण है। उनकी सुबह की पॉजिटिव शुरुआत, पर्याप्त पानी पीना, स्किन केयर, ऑयल मसाज और हेल्दी रूटीन उनकी खूबसूरत और ग्लोइंग स्किन का हिस्सा हैं।