Knews Desk- दिल्ली-एनसीआर में गुरुवार तड़के हुई तेज बारिश ने लोगों को उमस भरी गर्मी से राहत तो दी, लेकिन इसके साथ ही जनजीवन भी प्रभावित हो गया। दिल्ली, नोएडा और गुरुग्राम के कई इलाकों में जलभराव और ट्रैफिक जाम की स्थिति देखने को मिली। खराब मौसम का असर हवाई सेवाओं पर भी पड़ा, जिसके चलते कई उड़ानों के संचालन में देरी हुई। भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने दिल्ली और आसपास के क्षेत्रों के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी करते हुए दिनभर भारी बारिश की संभावना जताई है।
बारिश और खराब मौसम को देखते हुए प्रमुख एयरलाइंस ने यात्रियों के लिए एडवाइजरी जारी की है। एयर इंडिया ने कहा कि दिल्ली आने-जाने वाली उड़ानें मौसम की वजह से प्रभावित हो सकती हैं। एयरलाइन ने यात्रियों से अपील की है कि वे एयरपोर्ट के लिए रवाना होने से पहले अपनी फ्लाइट का ताजा स्टेटस वेबसाइट या मोबाइल ऐप पर जरूर जांच लें, ताकि किसी भी असुविधा से बचा जा सके।
https://www.goindigo.in/check-flight-status.html?cid=SocialO|Winter_Is_Here|FB|30Dec24
इसी तरह, इंडिगो ने भी बताया कि दिल्ली में खराब मौसम के कारण कई उड़ानों के शेड्यूल पर असर पड़ा है। एयरलाइन ने कहा कि उसकी टीमें मौसम की स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए हैं और यात्रियों की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए उड़ानों का संचालन किया जा रहा है। इंडिगो ने भी यात्रियों से अपनी फ्लाइट से जुड़ी हर अपडेट वेबसाइट या मोबाइल ऐप के जरिए प्राप्त करने की सलाह दी है।
वहीं, अकासा एयर ने भी अपने यात्रियों को चेतावनी जारी करते हुए कहा कि दिल्ली के अलावा मुंबई, पुणे और गोवा में हो रही भारी बारिश का असर उसके नेटवर्क की उड़ानों पर पड़ सकता है। एयरलाइन के अनुसार कुछ फ्लाइट्स में देरी संभव है। कंपनी ने यात्रियों से अनुरोध किया है कि वे एयरपोर्ट जाने से पहले फ्लाइट का स्टेटस जरूर चेक करें और अतिरिक्त यात्रा समय लेकर निकलें। एयरलाइन ने कहा कि मौसम पूरी तरह उसके नियंत्रण से बाहर है, लेकिन यात्रियों की सहायता के लिए उसकी टीमें लगातार काम कर रही हैं।
मौसम विभाग के अनुसार उत्तर भारत के कई हिस्सों में मानसून अब पूरी तरह सक्रिय हो चुका है और अगले कुछ दिनों तक तेज बारिश का दौर जारी रह सकता है। ऐसे में यात्रियों को सलाह दी गई है कि वे अपनी यात्रा से पहले मौसम और फ्लाइट से जुड़ी ताजा जानकारी पर नजर बनाए रखें।