TMC के तीन बैंक खाते फ्रीज, ED की कार्रवाई के बाद बढ़ी सियासी हलचल, 440 करोड़ रुपये होने का दावा

Knews Desk- पश्चिम बंगाल की राजनीति में बड़ा घटनाक्रम सामने आया है। प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने तृणमूल कांग्रेस (TMC) से जुड़े तीन बैंक खातों को फ्रीज कर दिया है। बताया जा रहा है कि इन खातों में करीब 440 करोड़ रुपये जमा हैं। एजेंसी ने यह कार्रवाई मनी लॉन्ड्रिंग रोकथाम अधिनियम (PMLA) के तहत की है।

ED की यह कार्रवाई पार्टी के बैंक खातों से जुड़े कथित संदिग्ध लेनदेन और चार्टर्ड विमान से संबंधित खर्चों की जांच के तहत की गई है। जांच के सिलसिले में एजेंसी ने कोलकाता में कई स्थानों पर छापेमारी भी की। इनमें ‘केयरवेल ग्रुप ऑफ कंपनीज’ से जुड़े ठिकाने भी शामिल बताए जा रहे हैं। यह समूह ‘केयरवेल एविएशन’ के नाम से निजी विमान किराए पर देने का काम करता है। जांच एजेंसी के अधिकारियों के अनुसार, शुरुआती जांच में अप्रैल 2023 से जून 2026 के बीच TMC के बैंक खातों से करीब 160 करोड़ रुपये ‘केयरवेल एविएशन इंडिया प्राइवेट लिमिटेड’ और उससे जुड़ी इकाइयों के खातों में ट्रांसफर किए जाने की बात सामने आई है।

ED का दावा है कि इसके बाद संबंधित कंपनी ने 2023 से 2026 के बीच करीब 82.96 करोड़ रुपये की एक बड़ी राशि दूसरी कंपनी के खाते में भेजी। जांच एजेंसी इस पूरे वित्तीय लेनदेन की जांच कर रही है और यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि रकम का इस्तेमाल किस उद्देश्य से किया गया। एजेंसी के मुताबिक, जांच में यह भी सामने आया है कि बड़ी रकम का इस्तेमाल ‘एम्ब्रेयर लिगेसी 600’ कॉरपोरेट विमान और ‘अगस्ता वेस्टलैंड 109SP’ हेलीकॉप्टर की खरीद में किया गया। ED का आरोप है कि इन विमानों की खरीद और बाद में इनके इस्तेमाल से जुड़े लेनदेन में कई सवाल खड़े होते हैं।

जांच एजेंसी का कहना है कि विमानों के इस्तेमाल के नाम पर हुए आर्थिक लेनदेन की गहन जांच की जा रही है। ED यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि इस पूरे मामले में वास्तविक लाभार्थी कौन थे और क्या किसी तरह की वित्तीय अनियमितता हुई। यह मामला उस समय सामने आया जब TMC के अंदर चल रहे विवाद के बीच कुछ बागी नेताओं ने पार्टी कोष में जमा धन के स्रोत की जांच की मांग की थी। इसके बाद बैंक खातों से जुड़े लेनदेन की जांच शुरू हुई। वहीं, इस कार्रवाई के बाद TMC और विपक्ष के बीच राजनीतिक आरोप-प्रत्यारोप तेज होने की संभावना है। फिलहाल ED मामले से जुड़े दस्तावेजों, बैंक रिकॉर्ड और अन्य वित्तीय लेनदेन की जांच कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *