Knews Desk- पश्चिम बंगाल की राजनीति में एक नया विवाद खड़ा हो गया है। बरुईपुर घटना के विरोध में आयोजित प्रदर्शन के दौरान पूर्व मुख्यमंत्री और तृणमूल कांग्रेस (TMC) प्रमुख ममता बनर्जी का एक वीडियो चर्चा में आ गया है। वीडियो में वह अपनी पार्टी के एक कार्यकर्ता को थप्पड़ मारती हुई नजर आ रही हैं। घटना के बाद बीजेपी ने ममता बनर्जी पर निशाना साधते हुए सवाल उठाए हैं।
जानकारी के मुताबिक, ममता बनर्जी बुधवार को बरुईपुर घटना के विरोध में प्रदर्शन कर रही थीं। इस दौरान उन्होंने कालीघाट स्थित अपने आवास के बाहर मौजूद लोगों को संबोधित किया। प्रदर्शन के बीच अचानक भीड़ में अफरा-तफरी की स्थिति बन गई, जिसके बाद ममता खुद स्थिति संभालने के लिए नीचे पहुंचीं। इसी दौरान उनका एक वीडियो सामने आया, जिसमें वह एक व्यक्ति को थप्पड़ मारती दिखाई दे रही हैं। बताया जा रहा है कि वह व्यक्ति टीएमसी कार्यकर्ता है। हालांकि, अभी तक यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि ममता बनर्जी ने किस वजह से उसे थप्पड़ मारा। पार्टी की ओर से भी इस मामले पर कोई विस्तृत प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।
वीडियो सामने आने के बाद बीजेपी ने ममता बनर्जी पर हमला बोला है। केंद्रीय मंत्री सुकांत मजूमदार ने इस घटना को लेकर निशाना साधते हुए कहा कि यह घटना ममता बनर्जी के व्यवहार को दिखाती है। बीजेपी नेताओं ने दावा किया कि राजनीतिक दबाव के कारण ममता अपना आपा खो रही हैं। वहीं, प्रदर्शन के दौरान ममता बनर्जी ने पुलिस और प्रशासन पर भी सवाल उठाए। उन्होंने आरोप लगाया कि उनके कार्यकर्ताओं को प्रदर्शन के दौरान रोका गया और उनके साथ मारपीट की गई।
ममता बनर्जी ने कहा कि उन्हें जानकारी मिली थी कि उनकी पार्टी के आईटी सेल अध्यक्ष को घेरकर हमला किया गया, जिसके बाद वह उन्हें बचाने पहुंचीं। उन्होंने कहा कि प्रशासन की जिम्मेदारी थी कि प्रदर्शन शांतिपूर्ण तरीके से हो सके, लेकिन ऐसा नहीं हुआ। पूर्व मुख्यमंत्री ने आरोप लगाया कि उनके कार्यकर्ताओं को नारे लगाने से रोकने की कोशिश की गई और उनका हैंड माइक भी छीना गया, जबकि अदालत ने इसके इस्तेमाल की अनुमति दी थी। उन्होंने कहा कि उनके कार्यकर्ताओं के साथ अन्याय हुआ है।
फिलहाल ममता बनर्जी के थप्पड़ वाले वीडियो को लेकर सोशल मीडिया और राजनीतिक गलियारों में बहस तेज हो गई है। जहां विपक्ष इसे मुद्दा बना रहा है, वहीं टीएमसी की ओर से इस घटना पर आगे की प्रतिक्रिया का इंतजार है।