प्रतापगढ़: पड़ोसी युवक के इश्क में अंधी हुई पत्नी, 19 साल छोटे प्रेमी संग मिलकर पति को उतारा मौत के घाट; शव को बोरे में भरकर ठिकाने लगाने की कोशिश

प्रतापगढ़ में पुलिस ने एक सनसनीखेज ब्लाइंड मर्डर का खुलासा किया है. पुलिस के अनुसार, 52 वर्षीय तुलसीबाई ने अपने से 19 साल छोटे पड़ोसी के साथ मिलकर अपने पति की हत्या की. हत्या के लिए मध्यप्रदेश से 3 युवकों को बुलाया गया. शव को कट्टे में भरकर कुएं में फेंक दिया गया.  

Knews Desk- हत्या के लिए मध्यप्रदेश से तीन युवकों को बुलाया गया, 5 लाख रुपये का सौदा तय हुआ और वारदात को अंजाम देने के बाद शव को कट्टे में भरकर कुएं में फेंक दिया गया. पुलिस ने मनोवैज्ञानिक पूछताछ, सीसीटीवी फुटेज और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर इस ब्लाइंड मर्डर का पर्दाफाश करते हुए दो मुख्य आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि हत्या में शामिल अन्य आरोपियों की तलाश जारी है.

प्रतापगढ़ में हुए सनसनीखेज हत्याकांड का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। पुलिस जांच में सामने आया है कि मृतक की पत्नी ने ही पड़ोसी के साथ मिलकर पति की हत्या की साजिश रची थी। वारदात को अंजाम देने के लिए आरोपियों ने 5 लाख रुपये में सौदा तय किया था।

पुलिस अधीक्षक बी. आदित्य के निर्देश पर सालमगढ़ थाना पुलिस ने विशेष टीम गठित कर मामले की जांच शुरू की थी। पुलिस के मुताबिक 26 जून को दलोट गांव स्थित खेड़ापति हनुमान मंदिर के पास एक कुएं में कट्टे के अंदर एक व्यक्ति का शव मिलने की सूचना मिली थी। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और ग्रामीणों की मदद से शव को बाहर निकाला गया। मृतक की पहचान भचूंडला निवासी शंकरलाल के रूप में उसकी बेटी ने की थी। इसके बाद शव का मेडिकल बोर्ड से पोस्टमार्टम कराया गया।

शुरुआत में दर्ज हुआ हत्या का मामला

मृतक की पत्नी तुलसीबाई ने अज्ञात लोगों के खिलाफ पति की हत्या कर शव कुएं में फेंकने की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता की धारा 103(1) के तहत केस दर्ज कर जांच शुरू की। शुरुआत में परिवार की ओर से किसी पर शक नहीं जताया गया, जिसके चलते मामला पुलिस के लिए ब्लाइंड मर्डर बना हुआ था।

मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने अलग-अलग टीमें बनाकर जांच शुरू की। पुलिस ने करीब 100 सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली और मृतक के परिवार, रिश्तेदारों व आसपास के लोगों से पूछताछ की। इसी दौरान पुलिस को परिवार के अंदर ही चल रही साजिश के संकेत मिले।

पत्नी और पड़ोसी ने मिलकर रची हत्या की योजना

जांच में पता चला कि 24 जून को शंकरलाल के घर पर उसकी पत्नी तुलसीबाई और पड़ोसी दुकानदार मोहम्मद वाहिद कुरैशी के इशारे पर तीन युवक पहुंचे थे। आरोप है कि इन युवकों ने शंकरलाल के साथ मारपीट की, जिससे उसकी मौत हो गई। इसके बाद शव को काले कट्टे में भरकर कुएं में फेंक दिया गया।

वारदात के बाद आरोपियों ने पुलिस को गुमराह करने के लिए मृतक की बाइक को घटनास्थल से करीब तीन किलोमीटर दूर दूसरे थाना क्षेत्र में छोड़ दिया, ताकि जांच की दिशा भटकाई जा सके।

जमीन और पैसों के लालच में रची गई साजिश

पुलिस के अनुसार, तुलसीबाई और मोहम्मद वाहिद पिछले कुछ समय से शंकरलाल को रास्ते से हटाने की योजना बना रहे थे। दोनों के बीच हत्या के लिए 5 लाख रुपये में सौदा तय हुआ था। इसके अलावा वाहिद को आधा बीघा जमीन देने की बात भी सामने आई है।

जांच में यह भी खुलासा हुआ कि हत्या के बाद मृतक की जमीन बेचकर पैसे देने, उसकी जमीन पर बिना किराए दुकान चलाने और मकान में कमरा बनाकर रहने की योजना बनाई गई थी।

दो आरोपी गिरफ्तार, अन्य की तलाश जारी

पुलिस ने कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी मृतक की पत्नी तुलसीबाई (52) और मोहम्मद वाहिद कुरैशी (33), निवासी पिपलोदा जिला रतलाम (मध्य प्रदेश) को गिरफ्तार कर लिया है। वारदात में शामिल अन्य आरोपियों की तलाश के लिए पुलिस की टीमें लगातार दबिश दे रही हैं। पुलिस का कहना है कि जल्द ही बाकी आरोपियों को भी गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *