दिलजीत दोसांझ की ‘सतलुज’ पर क्यों लगा ब्रेक? Zee5 से हटाने को लेकर मंत्रालय ने किया बड़ा खुलासा

KNEWS DESK – दिलजीत दोसांझ की चर्चित फिल्म ‘सतलुज’ को लेकर विवाद लगातार बढ़ता जा रहा है। फिल्म को मेकर्स ने अचानक ओटीटी प्लेटफॉर्म जी5 पर रिलीज कर दिया था, लेकिन रिलीज के महज दो दिन बाद ही इसे प्लेटफॉर्म से हटा दिया गया। फिल्म के गायब होने के बाद से ही सोशल मीडिया पर कई तरह के सवाल उठ रहे थे। अब फिल्म हटाए जाने की असली वजह सामने आ गई है।

सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय के एक अधिकारी के मुताबिक, ‘सतलुज’ को जरूरी सर्टिफिकेशन प्रक्रिया पूरी किए बिना ओटीटी पर रिलीज किया गया था। मंत्रालय ने बताया कि फिल्म के पास थिएटर रिलीज के लिए जरूरी प्रमाण पत्र नहीं था और सर्टिफिकेशन प्रक्रिया के दौरान इसमें कई बदलावों की सिफारिश की गई थी।

अधिकारी के अनुसार, सेंसर बोर्ड ने फिल्म में करीब 100 कट्स की मांग की थी, लेकिन निर्माताओं ने इन बदलावों को लागू करने के बजाय फिल्म का नाम बदलकर इसे ओटीटी प्लेटफॉर्म पर रिलीज कर दिया। मंत्रालय ने इसे आईटी (इंटरमीडियरी गाइडलाइंस एंड डिजिटल मीडिया एथिक्स कोड) नियम, 2021 के प्रावधानों का उल्लंघन बताया है।

जी5 ने जारी किया बयान

फिल्म हटाए जाने के बाद ओटीटी प्लेटफॉर्म जी5 ने भी आधिकारिक बयान जारी किया। प्लेटफॉर्म ने कहा कि मौजूदा परिस्थितियों को देखते हुए ‘सतलुज’ भारत में अगले आदेश तक उपलब्ध नहीं होगी। हालांकि, जी5 ने यह भी कहा कि वह सभी नियमों का पालन करते हुए फिल्म को दोबारा दर्शकों तक पहुंचाने की कोशिश करेगा।

दिलजीत दोसांझ ने दी प्रतिक्रिया

फिल्म हटाए जाने के बाद अभिनेता और सिंगर दिलजीत दोसांझ ने सोशल मीडिया पर लाइव आकर अपनी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि उन्हें पहले से अंदाजा था कि ऐसा हो सकता है। दिलजीत ने बताया कि उन्हें उम्मीद थी कि सोमवार को ऑफिस खुलने के बाद कार्रवाई होगी, लेकिन फिल्म को रविवार शाम ही हटा दिया गया।

https://www.instagram.com/reels/DacCrZvie8N/

हालांकि, दिलजीत ने इस बात पर खुशी जताई कि फिल्म दर्शकों तक पहुंच चुकी है। उन्होंने कहा कि लोगों ने इसे देखा और डाउनलोड किया। उन्होंने गुरुद्वारा साहिब में प्रोजेक्टर के जरिए फिल्म की स्क्रीनिंग होने पर भी खुशी जाहिर की।

जसवंत सिंह खालड़ा की जिंदगी पर आधारित है फिल्म

बता दें कि ‘सतलुज’ मानवाधिकार कार्यकर्ता जसवंत सिंह खालड़ा की जिंदगी पर आधारित फिल्म है। इसे पहले ‘पंजाब 95’ नाम से रिलीज किया जाना था। लंबे समय तक सेंसर बोर्ड से मंजूरी नहीं मिलने के बाद मेकर्स ने अचानक इसे ओटीटी पर रिलीज करने का फैसला लिया।

फिल्म का निर्देशन हनी त्रेहान ने किया है। इसमें दिलजीत दोसांझ के अलावा अर्जुन रामपाल, कंवलजीत सिंह, सुविंदर विक्की और गीतिका विद्या ओहलयान जैसे कलाकार अहम भूमिकाओं में नजर आए हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *