‘King100’ में प्यार नहीं, तकरार दिखेगी, नागार्जुन से विलेन बनकर भिड़ेंगी तब्बू!

KNEWS DESK – साउथ सुपरस्टार नागार्जुन अपनी 100वीं फिल्म ‘किंग100’ को लेकर लगातार सुर्खियों में बने हुए हैं। यह फिल्म उनके करियर का एक माइलस्टोन प्रोजेक्ट मानी जा रही है, जिस पर काम शुरू हो चुका है। खास बात यह है कि इस फिल्म में एक बार फिर दिग्गज अभिनेत्री तब्बू भी उनके साथ नजर आएंगी। दोनों की जोड़ी लंबे समय बाद बड़े पर्दे पर वापसी कर रही है, जिससे फैंस के बीच जबरदस्त उत्साह देखने को मिल रहा है।

नागार्जुन और तब्बू ने इससे पहले 1996 की हिट फिल्म ‘निन्ने पेल्लादथा’ और 1998 की ‘आविदा मां आविदे’ में साथ काम किया था। दोनों फिल्मों में उनकी केमिस्ट्री को खूब पसंद किया गया था और उन्हें एक हिट ऑनस्क्रीन जोड़ी माना जाता रहा है। अब करीब 28 साल बाद दोनों फिर साथ आ रहे हैं, लेकिन इस बार कहानी पूरी तरह अलग होगी।

रिपोर्ट्स के मुताबिक, ‘किंग100’ में इस बार कोई लव एंगल नहीं दिखाया जाएगा। बल्कि नागार्जुन और तब्बू के किरदारों के बीच टकराव और दुश्मनी देखने को मिलेगी। चर्चा है कि तब्बू फिल्म में नेगेटिव शेड में नजर आ सकती हैं और नागार्जुन के सामने मुख्य विरोधी की भूमिका निभा सकती हैं। यह बदलाव फैंस के लिए एक बड़ा सरप्राइज माना जा रहा है, क्योंकि पहले दोनों को रोमांटिक जोड़ी के तौर पर देखा गया था।

फिल्म को डायरेक्टर रा कार्तिक निर्देशित कर रहे हैं और इसे एक इमोशनल ड्रामा बताया जा रहा है, जिसमें गरीबी से अमीरी तक का सफर और पिता-बेटी के रिश्ते की कहानी भी दिखाई जाएगी। फिल्म में सुष्मिता भट्ट भी अहम भूमिका में नजर आएंगी। यह प्रोजेक्ट अन्नपूर्णा स्टूडियोज के बैनर तले बन रहा है।

हाल ही में नागार्जुन ने संकेत दिया था कि 10 जुलाई को फिल्म को लेकर बड़ा अपडेट सामने आएगा, जिसके बाद से ही फैंस की उत्सुकता और बढ़ गई है। फिलहाल ‘किंग100’ की शूटिंग जारी है और हर नए अपडेट के साथ इस फिल्म को लेकर चर्चा और तेज होती जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *