मनाली में Blinkit डिलीवरी का अनोखा अनुभव वायरल, 1 KM नीचे जाकर पार्सल लेने पहुंचा शख्स

Knews Desk- मनाली में रहने वाले एक शख्स का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें उन्होंने पहाड़ी जिंदगी की खूबसूरती के साथ उसकी असल चुनौतियों को भी दिखाया है. दिल्ली छोड़कर हिमाचल प्रदेश के मनाली में बसे इस युवक ने बताया कि पहाड़ों में रहना जितना शांत और आकर्षक लगता है, उतना ही इसमें रोजमर्रा की सुविधाओं के लिए मेहनत भी करनी पड़ती है.

https://www.instagram.com/reel/DaM3Wery-8B/?utm_source=ig_web_copy_link&igsh=NTc4MTIwNjQ2YQ==

यह वीडियो इंस्टाग्राम पर @dhruv_franky नाम के अकाउंट से शेयर किया गया है. वीडियो में अखिल ध्रुव दिखाते हैं कि उन्होंने Blinkit से कुछ सामान ऑर्डर किया था और सामान्य शहरों की तरह डिलीवरी घर तक आने की उम्मीद की थी, लेकिन उनका अनुभव बिल्कुल अलग रहा. उनके फोन पर नोटिफिकेशन आया कि ऑर्डर करीब 25 मिनट में पहुंच जाएगा, लेकिन डिलीवरी घर तक नहीं आई.

दरअसल, उनका घर पहाड़ी इलाके में ऐसी जगह स्थित है जहां तक डिलीवरी वाहन पहुंचना संभव नहीं था. ऐसे में उन्हें खुद करीब 1 किलोमीटर नीचे उतरकर उस स्थान तक जाना पड़ा जहां डिलीवरी एजेंट उनका इंतजार कर रहा था. इस दौरान उन्होंने पहाड़ों की खूबसूरत वादियों, ढलानों और रास्ते में घूमते जानवरों के बीच सफर किया और अपनी यात्रा को भी एन्जॉय किया.

नीचे पहुंचकर उन्होंने डिलीवरी एजेंट से अपना ऑर्डर लिया और कुछ देर बातचीत भी की. लेकिन असली चुनौती तब शुरू हुई जब उन्हें वही सामान लेकर फिर से खड़ी चढ़ाई चढ़कर अपने घर वापस लौटना पड़ा. करीब 15 मिनट की इस चढ़ाई के दौरान उन्हें काफी मेहनत करनी पड़ी, लेकिन उन्होंने इसे एक मजेदार अनुभव की तरह लिया.

वीडियो में उन्होंने लिखा कि यह उनका “दिल्ली वाले की नजर से मनाली की जिंदगी” का अनुभव है. उनका यह अनोखा अंदाज लोगों को काफी पसंद आया और वीडियो तेजी से वायरल हो गया. सोशल मीडिया पर यूजर्स ने इस पर तरह-तरह की प्रतिक्रियाएं दीं. कई लोगों ने कहा कि यही असली पहाड़ी जीवन है, जहां हर सुविधा के लिए थोड़ा संघर्ष करना पड़ता है, जबकि कुछ ने कहा कि ऐसे नजारों के बीच एक किलोमीटर पैदल चलना भी कोई बड़ी बात नहीं है.

इस वीडियो पर कंपनी Blinkit ने भी मजेदार प्रतिक्रिया दी और लिखा कि क्या यह “एक्सट्रीम लेवल” नहीं है. इस पर कंटेंट क्रिएटर ने भी उतना ही हल्के-फुल्के अंदाज में जवाब दिया. बाद में Blinkit ने इस वीडियो को अपने आधिकारिक पेज पर भी साझा किया, जिससे इसकी पहुंच और बढ़ गई और यह और ज्यादा वायरल हो गया.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *