बद्रीनाथ में चढ़ावे में गड़बड़ी के आरोप, मंदिर समिति सख्त, जांच शुरू, कर्मचारियों से पूछताछ

KNEWS DESK –अयोध्या राम मंदिर में दान से जुड़ी कथित गड़बड़ी के आरोपों के बीच अब देश के एक और प्रमुख तीर्थ स्थल बद्रीनाथ धाम को लेकर भी गंभीर आरोप सामने आए हैं। सोशल मीडिया पर यह दावा किया जा रहा है कि बद्रीनाथ मंदिर में चढ़ावे और दान-पुण्य में अनियमितताएं हुई हैं, जिससे हड़कंप मच गया है।

मंदिर समिति ने लिया तत्काल एक्शन

मामला सामने आने के बाद बद्रीनाथ-केदारनाथ मंदिर समिति (BKTC) ने तुरंत संज्ञान लेते हुए जांच के आदेश जारी कर दिए हैं। समिति के अध्यक्ष हेमंत द्विवेदी ने कहा कि आरोपों को बेहद गंभीरता से लिया गया है और पूरे मामले की निष्पक्ष व पारदर्शी जांच कराई जाएगी।

उन्होंने स्पष्ट किया कि आरोपों से जुड़े सभी कर्मचारियों से स्पष्टीकरण मांगा गया है। साथ ही यह भी कहा गया है कि यदि जांच में किसी भी प्रकार की गड़बड़ी साबित होती है तो दोषियों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी और किसी को भी बख्शा नहीं जाएगा।

निजी सचिव वाले दावे का खंडन

हेमंत द्विवेदी ने सोशल मीडिया पर चल रहे उन दावों को भी खारिज किया, जिनमें एक कर्मचारी को उनका निजी सचिव बताया जा रहा था। उन्होंने साफ किया कि संबंधित व्यक्ति मंदिर समिति का नियमित सरकारी कर्मचारी है, न कि उनका निजी सचिव।

CCTV फुटेज की जांच शुरू

बीकेटीसी के मुख्य कार्याधिकारी सोहन सिंह रांगड़ ने बताया कि 2 जुलाई से इस मामले से जुड़ी शिकायतें मिल रही थीं। इसके बाद बदरीनाथ मंदिर के CCTV फुटेज की जांच की गई, हालांकि फुटेज पूरी तरह स्पष्ट नहीं हैं। इसके बावजूद आंतरिक जांच प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।

एक विशेष जांच टीम गठित की जा रही है, जो सभी साक्ष्यों, CCTV फुटेज और संबंधित कर्मचारियों के बयान के आधार पर विस्तृत रिपोर्ट तैयार करेगी।

अधिकारियों ने कहा है कि यदि जांच में वित्तीय अनियमितता या किसी भी प्रकार की गड़बड़ी सामने आती है तो श्री बदरीनाथ-केदारनाथ मंदिर समिति अधिनियम, 1939 और कर्मचारी आचरण नियमावली के तहत सख्त कानूनी व विभागीय कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *