यूपी में 6 से 20 जुलाई तक मुफ्त राशन वितरण, अंत्योदय कार्डधारकों को 18 रुपये किलो चीनी का लाभ

KNEWS DESK – उत्तर प्रदेश सरकार ने राज्य के करोड़ों राशन कार्डधारकों के लिए एक बड़ी राहत की घोषणा की है। 6 जुलाई से 20 जुलाई तक पूरे प्रदेश में मुफ्त राशन वितरण अभियान चलाया जाएगा। इस दौरान अंत्योदय और पात्र गृहस्थी कार्डधारकों को उनके कोटे के अनुसार राशन उपलब्ध कराया जाएगा।

अंत्योदय कार्डधारकों को मिलेगा विशेष लाभ

अंत्योदय (AAY) कार्डधारकों को इस बार 35 किलो मुफ्त राशन दिया जाएगा, जिसमें 21 किलो चावल और 14 किलो गेहूं शामिल होगा। इसके साथ ही उन्हें तीन महीने की चीनी भी रियायती दर पर उपलब्ध कराई जाएगी।

पात्र गृहस्थी कार्डधारकों को कितना मिलेगा राशन

पात्र गृहस्थी (PHH) कार्डधारकों को प्रति यूनिट 5 किलो मुफ्त राशन मिलेगा, जिसमें 3 किलो चावल और 2 किलो गेहूं शामिल है।

18 रुपये किलो की दर से मिलेगी चीनी

सरकार ने अंत्योदय कार्डधारकों को बड़ी राहत देते हुए चीनी 18 रुपये प्रति किलो की रियायती दर पर देने का फैसला किया है। खाद्य विभाग ने सभी कोटेदारों को समय पर और पारदर्शी वितरण सुनिश्चित करने के निर्देश जारी किए हैं।

e-PoS मशीन से होगा सत्यापन

राशन वितरण के दौरान लाभार्थियों का बायोमेट्रिक सत्यापन अनिवार्य रहेगा। इसके लिए e-PoS मशीन पर अंगूठे या उंगली के निशान के जरिए पहचान की जाएगी, ताकि केवल पात्र लाभार्थियों को ही योजना का लाभ मिल सके।

‘वन नेशन वन राशन कार्ड’ योजना के तहत लाभार्थी देश के किसी भी सरकारी राशन दुकान से अपना राशन प्राप्त कर सकते हैं। इससे प्रवासी मजदूरों और अन्य जरूरतमंदों को काफी सुविधा मिल रही है।

शिकायत की सुविधा भी उपलब्ध

यदि किसी लाभार्थी को राशन वितरण में अनियमितता या कम राशन मिलने की समस्या आती है, तो वह सरकार के टोल-फ्री नंबर 18001800150 पर शिकायत दर्ज करा सकता है।

उत्तर प्रदेश में लगभग 40 लाख से अधिक अंत्योदय कार्डधारक हैं, जबकि कुल 3.62 करोड़ राशन कार्ड बने हुए हैं, जिनसे करीब 14.68 करोड़ लोग जुड़े हैं। सरकार की यह योजना करोड़ों लोगों को सीधा लाभ पहुंचाने का माध्यम बनी हुई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *