Knews Desk- उत्तर प्रदेश के आगरा से एक दिल दहला देने वाला हत्या का मामला सामने आया है। यहां 45 दिनों से लापता बताए जा रहे 44 वर्षीय सुरेंद्र कुमार शर्मा का शव उनके ही घर के बाथरूम के फर्श के नीचे दबा मिला। पुलिस ने मृतक की पत्नी रूबी को हिरासत में लिया है। शुरुआती पूछताछ में उसने हत्या की बात कबूल करने का दावा किया है, हालांकि मामले की जांच अभी जारी है। उनकी पत्नी रूबी लगातार परिवार और पड़ोसियों को यही बताती रही कि वह कहीं चले गए हैं और जल्द लौट आएंगे। 26 मई को उनकी गुमशुदगी की रिपोर्ट भी दर्ज कराई गई थी।
जांच के दौरान पुलिस को घर के बाथरूम का फर्श हाल ही में बदला हुआ लगा। नए टाइल्स और ताजा प्लास्टर देखकर शक गहराया। जब पुलिस ने खुदाई करवाई तो फर्श के नीचे से सुरेंद्र का शव बरामद हुआ। शव काफी हद तक सड़ चुका था। प्रारंभिक जांच में पुलिस का मानना है कि हत्या के बाद शव को बाथरूम में दफनाया गया, उसके ऊपर मिट्टी डाली गई और फिर प्लास्टर व नई टाइल्स लगाकर सबूत छिपाने की कोशिश की गई। पुलिस यह भी जांच कर रही है कि इस पूरे घटनाक्रम में किसी अन्य व्यक्ति की भी भूमिका थी या नहीं।
मृतक के भाई ने पुलिस को बताया कि सुरेंद्र शराब पीते थे, जिस वजह से पति-पत्नी के बीच अक्सर विवाद होता था। पुलिस का कहना है कि हत्या के पीछे की असली वजह और घटनाक्रम का पूरा सच फोरेंसिक रिपोर्ट और अन्य सबूतों की जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा। यह मामला हाल के चर्चित वैवाहिक हत्या मामलों, जैसे सोनम रघुवंशी और सिया केस, के बाद सामने आया है। हालांकि, पुलिस ने स्पष्ट किया है कि आगरा की यह घटना एक अलग मामला है और इसकी जांच स्वतंत्र रूप से की जा रही है।