वायरल वीडियो के बाद बड़ा एक्शन, बेंगलुरु डे-केयर की आया विजयलक्ष्मी गिरफ्तार

Knews Desk- बेंगलुरु के एक कॉर्पोरेट डे-केयर सेंटर से सामने आए बच्चों के कथित उत्पीड़न के मामले ने पूरे देश को झकझोर दिया है। आईटी कंपनी Capgemini के कैंपस में संचालित डे-केयर में छोटे बच्चों के साथ अमानवीय व्यवहार के आरोप सामने आने के बाद पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी विजय लक्ष्मी समेत पांच महिला केयरगिवर्स के खिलाफ मामला दर्ज किया है। मामले की जांच जारी है और आरोपियों से पूछताछ की जा रही है।

यह मामला तब सामने आया जब सोशल मीडिया पर कुछ वीडियो वायरल हुए। वीडियो में कथित तौर पर दो से तीन साल के मासूम बच्चों के साथ बेहद क्रूर व्यवहार दिखाई दिया। आरोप है कि रोने पर बच्चों को फ्रंट-लोडिंग वॉशिंग मशीन के ड्रम में बैठाया जाता था, बाथरूम में बंद कर दिया जाता था और टॉयलेट जेट स्प्रे से उनके मुंह पर पानी डाला जाता था। इन वीडियो ने अभिभावकों और आम लोगों में भारी आक्रोश पैदा कर दिया।

शिकायत मिलने के बाद बेंगलुरु पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए पांच महिला कर्मचारियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की। जांच में यह भी पता लगाया जा रहा है कि क्या बच्चों के साथ इस तरह का व्यवहार लंबे समय से किया जा रहा था और क्या डे-केयर प्रबंधन को इसकी जानकारी थी। मामले की गंभीरता को देखते हुए बाल संरक्षण से जुड़ी एजेंसियां भी जांच में शामिल हो गई हैं। घटना सामने आने के बाद Capgemini ने बयान जारी कर कहा कि कर्मचारियों और उनके परिवारों की सुरक्षा कंपनी की सर्वोच्च प्राथमिकता है। कंपनी ने जांच में प्रशासन को पूरा सहयोग देने का भरोसा दिया है और एहतियात के तौर पर बेंगलुरु स्थित अपने ऑन-कैंपस डे-केयर सेंटर को अस्थायी रूप से बंद कर दिया है।

इस घटना ने कार्यस्थलों पर संचालित डे-केयर सेंटरों की सुरक्षा व्यवस्था और निगरानी पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। अभिभावक मांग कर रहे हैं कि दोषियों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाए और भविष्य में ऐसी घटनाओं को रोकने के लिए सख्त नियम लागू किए जाएं। पुलिस फिलहाल वायरल वीडियो की जांच, गवाहों के बयान और अन्य सबूतों के आधार पर मामले की पड़ताल कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *