मानसून में इन सब्जियों से रहें सावधान, फूड पॉइजनिंग और इंफेक्शन का बढ़ सकता है खतरा

KNEWS DESK- बारिश के मौसम में खानपान को लेकर विशेष सावधानी बरतने की सलाह दी जाती है। इस दौरान नमी और गंदगी के कारण सब्जियों में बैक्टीरिया और फंगस तेजी से पनप सकते हैं, जिससे फूड पॉइजनिंग और पेट संबंधी संक्रमण का खतरा बढ़ जाता है। स्वास्थ्य विशेषज्ञों के अनुसार, मॉनसून में कुछ सब्जियों से परहेज करना सेहत के लिए जरूरी होता है।

मानसून में क्यों बढ़ जाता है संक्रमण का खतरा?

बरसात के मौसम में वातावरण में नमी अधिक होने के कारण सब्जियों पर बैक्टीरिया और फंगस आसानी से विकसित हो जाते हैं। कई बार अच्छी तरह धोने के बाद भी इन सूक्ष्म जीवों को पूरी तरह हटाना मुश्किल होता है, जिससे पेट में संक्रमण और फूड पॉइजनिंग की संभावना बढ़ जाती है।

फूलगोभी और पत्तागोभी से करें परहेज

मॉनसून में फूलगोभी और पत्तागोभी जैसी सब्जियों को खाने से बचने की सलाह दी जाती है। इनकी परतों के बीच नमी और गंदगी फंस सकती है, जिससे फंगस और बैक्टीरिया पनपने का खतरा बढ़ जाता है।

मशरूम हो सकता है जोखिम भरा

मशरूम बहुत जल्दी संक्रमित हो जाता है। हल्का सा खराब या दूषित मशरूम भी फूड पॉइजनिंग का कारण बन सकता है। इसी वजह से बरसात के मौसम में मशरूम का सेवन सावधानी के साथ करने की सलाह दी जाती है।

पालक और पत्तेदार सब्जियां भी सावधानी से खाएं

पालक जैसी पत्तेदार सब्जियों में मिट्टी और माइक्रोब्स आसानी से चिपके रह सकते हैं। बारिश के मौसम में इन्हें पूरी तरह साफ करना भी कई बार पर्याप्त नहीं होता, जिससे पेट संक्रमण का खतरा बढ़ सकता है।

धनिया और पुदीना में भी होता है खतरा

धनिया और पुदीना जैसी हर्ब्स मिट्टी के बेहद करीब उगती हैं, इसलिए इनमें बैक्टीरिया और कीटाणुओं के चिपके रहने की संभावना अधिक होती है। मॉनसून में इनका उपयोग सीमित मात्रा में करना बेहतर माना जाता है।

इन सब्जियों का करें सेवन

विशेषज्ञों के अनुसार, मॉनसून में कम पानी वाली और अच्छी तरह पकाई जाने वाली सब्जियां अधिक सुरक्षित रहती हैं। इनमें लौकी, परवल, कद्दू, सेम और भिंडी शामिल हैं। ये सब्जियां पाचन के लिए भी हल्की मानी जाती हैं।

दाल और राजमा भी हैं सुरक्षित विकल्प

बारिश के मौसम में प्रोटीन के लिए दाल, चना और राजमा का सेवन किया जा सकता है। ये न केवल सुरक्षित हैं बल्कि शरीर की इम्यूनिटी को भी मजबूत बनाए रखने में मदद करते हैं।

मॉनसून में सही खानपान अपनाना बेहद जरूरी है। थोड़ी सी सावधानी फूड पॉइजनिंग और संक्रमण से बचा सकती है। ऐसे में ताजी, अच्छी तरह पकी हुई और कम जोखिम वाली सब्जियों को ही डाइट में शामिल करना स्वास्थ्य के लिए फायदेमंद होता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *