जनता की परेशानी देख एक्शन में मुरादाबाद डीएम, रात में ही बिजली अफसरों की लगाई क्लास, बोले— लापरवाही दोबारा हुई तो नपेंगे

डिजिटल डेस्क- उत्तर प्रदेश के मुरादाबाद जिले में भीषण गर्मी और उमस के बीच घंटों बिजली गुल रहने पर स्थानीय लोगों का गुस्सा फूट पड़ा। खुशहालपुर, प्रीत विहार, मिलन विहार और कांशीराम आवासीय कॉलोनी समेत कई इलाकों में लंबे समय तक बिजली आपूर्ति बाधित रहने से परेशान सैकड़ों लोग देर रात सड़कों पर उतर आए। आक्रोशित लोग पहले बुद्धा पार्क स्थित बिजली विभाग के कार्यालय पहुंचे और अधिकारियों की मनमानी के खिलाफ जमकर नारेबाजी करते हुए प्रदर्शन किया। लोगों का आरोप है कि शिकायत करने पर अधिकारी केवल तकनीकी दिक्कतों का हवाला देकर अपनी जिम्मेदारी से पल्ला झाड़ लेते हैं।

आधी रात को जिलाधिकारी कैंप कार्यालय पहुंचे सैकड़ों लोग

बिजली विभाग के दफ्तर से जब कोई संतोषजनक जवाब या कार्रवाई नहीं हुई, तो लोगों का धैर्य जवाब दे गया। इसके बाद बड़ी संख्या में महिलाएं, बुजुर्ग और युवा देर रात सीधे जिलाधिकारी (डीएम) कैंप कार्यालय पहुंच गए। भीषण गर्मी में तड़प रहे लोगों ने अपनी समस्या सीधे जिलाधिकारी डॉ. राजेंद्र पैंसिया के सामने रखी। लोगों का कहना था कि घंटों बिजली न रहने के कारण बच्चों और बुजुर्गों का हाल बेहाल है और घरों में पानी का संकट भी खड़ा हो गया है।

डीएम ने रात में ही अफसरों को तलब कर लगाई कड़ी फटकार

मामले की गंभीरता और जनता की परेशानी को देखते हुए डीएम डॉ. राजेंद्र पैंसिया ने तुरंत एक्शन लिया। उन्होंने आधी रात को ही बिजली विभाग के जिम्मेदार आला अधिकारियों को कैंप कार्यालय तलब कर लिया। डीएम ने अधिकारियों को कड़ी फटकार लगाते हुए निर्देश दिए कि प्रभावित क्षेत्रों में बिना किसी देरी के बिजली आपूर्ति तुरंत बहाल की जाए। उन्होंने सख्त लहजे में चेतावनी दी कि भीषण गर्मी में जनता को निर्बाध बिजली उपलब्ध कराना विभाग की प्राथमिक जिम्मेदारी है, और भविष्य में ऐसी लापरवाही दोबारा सामने आई तो संबंधित अधिकारियों पर सीधे सख्त कार्रवाई की जाएगी।

हड़कंप के बाद सुधरी बिजली, जनता ने जताया डीएम का आभार

जिलाधिकारी के इस कड़े रुख के बाद बिजली विभाग के अमले में हड़कंप मच गया। आनन-फानन में विभागीय टीमों को फील्ड में उतारा गया और तकनीकी खामियों को युद्धस्तर पर दुरुस्त करने का काम शुरू हुआ। कुछ ही देर में प्रभावित इलाकों की बत्ती लौट आई। बिजली आपूर्ति बहाल होने के बाद स्थानीय लोगों ने राहत की सांस ली। लोगों ने रात के समय ही मामले में त्वरित हस्तक्षेप करने और तुरंत समस्या का समाधान कराने के लिए जिलाधिकारी डॉ. राजेंद्र पैंसिया की जमकर सराहना की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *