जो खेलता है वही खिलता है…… मन की बात में क्या- क्या बोले पीएम मोदी

Knews Desk- प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अपने मासिक रेडियो कार्यक्रम ‘मन की बात’ के 135वें एपिसोड में देशवासियों को संबोधित करते हुए भारत की बढ़ती आत्मनिर्भरता, सामाजिक पहलों और खेल क्षेत्र में उपलब्धियों पर विस्तार से चर्चा की। उन्होंने कहा कि 2026 का आधा साल बीत चुका है और इन महीनों में देश ने कई ऐसी उपलब्धियां हासिल की हैं, जो हर भारतीय को गर्व से भर देती हैं।

पीएम मोदी ने विशेष रूप से भारत की नौसेना और विमानन क्षेत्र में हो रही प्रगति का उल्लेख किया। उन्होंने बताया कि हाल ही में कोलकाता में आयोजित एक कार्यक्रम में INS दूनागिरी, INS संशोधक और INS अग्रय को भारतीय नौसेना में शामिल किया गया, जिनका डिजाइन और निर्माण पूरी तरह स्वदेशी है। उन्होंने इसे ‘मेक इन इंडिया’ की बड़ी सफलता बताया। विमानन क्षेत्र की उपलब्धियों पर बोलते हुए प्रधानमंत्री ने कहा कि C-295 विमान ने भारत में अपनी पहली उड़ान पूरी की है और ऐसे 40 विमान देश में ही बनाए जा रहे हैं। इससे न केवल MSME सेक्टर को मजबूती मिल रही है, बल्कि रोजगार के नए अवसर भी उत्पन्न हो रहे हैं।

खेलों पर चर्चा करते हुए पीएम मोदी ने कहा कि भारतीय युवा अब खेल को करियर के रूप में अपना रहे हैं। उन्होंने विश्व योगासन चैंपियनशिप में भारत के शानदार प्रदर्शन की सराहना करते हुए बताया कि भारत ने कुल 114 पदक जीते, जिनमें 102 स्वर्ण पदक शामिल हैं। उन्होंने कहा कि यह उपलब्धि देश की बढ़ती खेल क्षमता को दर्शाती है। प्रधानमंत्री ने यह भी कहा कि “जो खेलता है, वही खिलता है।”

पीएम मोदी ने सामाजिक सुरक्षा योजनाओं का भी उल्लेख किया। उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री सुरक्षा बीमा योजना और प्रधानमंत्री जीवन ज्योति बीमा योजना के माध्यम से करोड़ों लोगों को कम प्रीमियम पर बीमा सुरक्षा मिल रही है। उन्होंने महाराष्ट्र के नांदेड़ जिले के एक परिवार का उदाहरण दिया, जिसने विवाह के अवसर पर गांव के हजारों लोगों के लिए दुर्घटना बीमा की व्यवस्था कर एक प्रेरणादायक पहल की।

इसके अलावा प्रधानमंत्री ने असम के ‘हरगिला’ पक्षी संरक्षण अभियान का भी जिक्र किया और बताया कि कैसे सामाजिक जागरूकता के जरिए एक दुर्लभ पक्षी को संरक्षित कर उसे स्थानीय पहचान का हिस्सा बनाया गया। पीएम मोदी ने कहा कि भारत समुद्र से लेकर आकाश तक आत्मनिर्भरता और सुरक्षा की दिशा में तेजी से आगे बढ़ रहा है। उन्होंने देशवासियों से इन प्रयासों में सक्रिय भागीदारी की अपील की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *