आर्थिक तंगी बनी वजह? केरल में एक ही परिवार के चार सदस्यों की मौत, 7 साल की बच्ची का शव भी मिला

Knews Desk- केरल के पिरावोम क्षेत्र में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां आर्थिक तंगी और मानसिक तनाव से जूझ रहे एक ही परिवार के चार सदस्यों की मौत हो गई। रविवार को नदी से 7 साल की बच्ची का शव बरामद होने के साथ ही पूरे परिवार के शव मिल गए, जिससे इलाके में शोक और सनसनी फैल गई है।

पुलिस के अनुसार, यह मामला आत्महत्या का प्रतीत होता है। मृतकों में माता-पिता और दो बच्चे शामिल हैं। सबसे पहले शुक्रवार (26 जून) को पिरावोम नदी से महिला विजी और उनके दो साल के बेटे का शव बरामद हुआ था। विजी दृष्टिबाधित थीं और उन्हें दिखाई नहीं देता था। इसके बाद शनिवार (27 जून) को परिवार के मुखिया नारायणन का शव मिला। हालांकि उस समय 7 साल की बेटी लापता थी, जिसकी तलाश लगातार जारी थी।

रविवार सुबह फिर से सर्च ऑपरेशन शुरू किया गया, जिसमें पुलिस और दमकल विभाग की टीमों ने मिलकर नदी में खोजबीन की। इसी दौरान पिरावोम के पास से 7 साल की बच्ची का शव भी बरामद कर लिया गया, जिसके बाद पूरे परिवार के शव मिलने की पुष्टि हो गई। जांच में सामने आया है कि यह परिवार मूल रूप से पलक्कड़ का रहने वाला था और कोथमंगलम में किराए के मकान में रह रहा था। परिवार लंबे समय से गंभीर आर्थिक संकट का सामना कर रहा था। हालात इतने खराब थे कि उनके पास किराया देने तक के पैसे नहीं बचे थे। बताया जा रहा है कि परिवार का मुखिया नारायणन मानसिक तनाव में था और हाल ही में उसने पुलिस से आर्थिक मदद की भी गुहार लगाई थी।

पुलिस ने पहले परिवार के लिए वैकल्पिक आवास की व्यवस्था भी की थी और उन्हें रविवार को वहां शिफ्ट किया जाना था, लेकिन उससे पहले ही यह दर्दनाक घटना हो गई। जांच अधिकारियों के मुताबिक, परिवार की स्थिति लगातार बिगड़ती जा रही थी, जिससे वे मानसिक रूप से टूट चुके थे। पुलिस को जांच के दौरान एक स्थानीय रेस्तरां का सीसीटीवी फुटेज भी मिला है, जिसमें परिवार को गुरुवार को साथ बैठकर खाना खाते हुए देखा गया है। इसके बाद से ही उनका कोई सुराग नहीं मिला था।

इस घटना के बाद पुलिस ने मृतकों के रिश्तेदारों और परिचितों के बयान दर्ज कर लिए हैं। मामले में अप्राकृतिक मृत्यु का केस दर्ज किया गया है और आगे की जांच जारी है। पोस्टमार्टम के बाद शवों को परिजनों को सौंपने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। इस दर्दनाक घटना ने पूरे क्षेत्र को झकझोर कर रख दिया है और एक बार फिर आर्थिक तंगी और मानसिक तनाव के गंभीर सामाजिक प्रभावों पर सवाल खड़े कर दिए हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *