दोस्ती के नाम पर धोखा… कानपुर में किशोरी को बंधक बना कलमा पढ़ाने की कोशिश, विरोध पर शरीर को चिमटे से दागा

डिजिटल डेस्क- उत्तर प्रदेश के कानपुर के रावतपुर इलाके से एक बेहद खौफनाक और हैरान करने वाला मामला सामने आया है। यहाँ एक 17 वर्षीय किशोरी को अगवा कर सात दिनों तक बंधक बनाए रखने और उस पर जबरन धर्म परिवर्तन का दबाव डालने का आरोप लगा है। पीड़िता का आरोप है कि आरोपी और उसके परिजनों ने उसे जबरन मांस खिलाने की कोशिश की और विरोध करने पर उसे गर्म चिमटे से दागा। शनिवार को किसी तरह आरोपियों के चंगुल से भागकर अपने घर पहुंची किशोरी ने परिजनों को पूरी आपबीती सुनाई। पुलिस ने इस मामले में तत्काल एफआईआर (FIR) दर्ज कर मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।

कारगिल पार्क में हुई थी दोस्ती, 21 जून से लापता थी किशोरी

रावतपुर क्षेत्र के रहने वाले पीड़ित पिता के मुताबिक, उनकी 17 वर्षीय बेटी बीते 21 जून को कुछ काम बताकर घर से निकली थी, जिसके बाद वह वापस नहीं लौटी। परिजनों ने आसपास काफी तलाश की, लेकिन उसका कोई सुराग नहीं मिला। शनिवार को जब बेटी अचानक बदहवास हालत में घर लौटी, तो उसके शरीर पर चोट के गहरे निशान थे। पूछने पर पीड़िता ने बताया कि कुछ समय पहले मोतीझील के कारगिल पार्क में उसकी मुलाकात अरमान नाम के युवक से हुई थी और दोनों में दोस्ती हो गई थी। 21 जून को अरमान ने उसे मिलने के लिए नमक फैक्ट्री चौराहे पर बुलाया था, जहाँ वह अपने दो साथियों के साथ कार में मौजूद था।

घर में बंधक बनाकर कलमा पढ़ाने का प्रयास, उर्दू लिखे कागज पर कराए दस्तखत

पीड़िता का आरोप है कि कार में बैठने के बाद आरोपी उसे मोतीझील ले गए, जहाँ अचानक अरमान का बर्ताव बदल गया। किशोरी ने जब घर छोड़ने की मिन्नतें की, तो आरोपी उसे जबरन एक मुस्लिम बहुल इलाके में स्थित अपने घर ले गए। वहाँ अरमान के माता-पिता ने उस पर कलमा पढ़ने और धर्म परिवर्तन करने का भारी दबाव बनाया। इसके बाद उससे एक उर्दू लिखे कागज पर जबरन हस्ताक्षर भी कराए गए। जब किशोरी ने उनके मुताबिक चलने और गोमांस खाने से साफ मना कर दिया, तो आरोपियों ने क्रूरता की सारी हदें पार करते हुए उसे गर्म चिमटे से दाग दिया।

सऊदी अरब में बेचने की धमकी दी, पुलिस ने आरोपी को दबोचा

किशोरी ने पुलिस को दी तहरीर में यह भी आरोप लगाया कि सात दिनों तक बंधक बनाकर यातनाएं देने के साथ ही आरोपी उसे बात न मानने पर सऊदी अरब में बेच देने की धमकी भी देते थे। शनिवार को मौका मिलते ही वह किसी तरह वहाँ से जान बचाकर भागी। इस पूरे मामले पर डीसीपी पश्चिम, एस.एम. कासिम आबिदी ने बताया कि प्राथमिक जांच में दोनों के पूर्व में परिचित होने की बात सामने आई है। किशोरी के पिता की शिकायत के आधार पर संबंधित धाराओं में गंभीर रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है और मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *