लखनऊः चिनहट के कोल्ड स्टोरेज में लगी भीषण आग, खाली कराए गए आसपास के मकान

डिजिटल डेस्क- उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में आग के हादसों का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है। अलीगंज की एक बिल्डिंग में हुए दर्दनाक हादसे के अभी कुछ ही दिन बीते थे कि रविवार सुबह करीब 6 बजे चिनहट इलाके में स्थित हिमालयन कोल्ड स्टोरेज में भीषण आग लग गई। आग इतनी भयावह थी कि इसकी लपटें और धुएं का गुबार करीब एक किलोमीटर दूर से ही साफ दिखाई दे रहा था। घटना की सूचना मिलते ही दमकल विभाग की 10 से ज्यादा गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। सुरक्षा के मद्देनजर पुलिस ने आसपास के रिहायशी मकानों को तुरंत खाली करा लिया है।

सुबह मॉर्निंग वॉक पर निकले लोगों ने देखा धुआं

यह हादसा रविवार सुबह उस वक्त सामने आया जब स्थानीय लोग मॉर्निंग वॉक पर निकले थे। कोल्ड स्टोरेज से भारी मात्रा में धुआं निकलता देख लोगों ने बिना देर किए तुरंत पुलिस और फायर ब्रिगेड को सूचित किया। हालांकि, जब तक दमकल की गाड़ियां मौके पर पहुंचतीं, तब तक आग पूरे कोल्ड स्टोरेज में फैल चुकी थी और वह धू-धू कर जलने लगा। गनीमत यह रही कि समय रहते रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू कर दिया गया, जिससे एक बड़ा हादसा टल गया।

रिहायशी इलाके में कोल्ड स्टोरेज होने पर भड़के लोग, हटाने की मांग

इस हादसे के बाद स्थानीय निवासियों में भारी आक्रोश देखने को मिल रहा है। दयाल रेजीडेंसी में रहने वाले एक प्रत्यक्षदर्शी ने बताया कि कोल्ड स्टोरेज से सटे हुए सभी मकानों को एहतियातन खाली कराना पड़ा। स्थानीय लोगों ने प्रशासन पर सवाल उठाते हुए कहा कि यह पूरी तरह से एक रेजिडेंशियल (रिहायशी) इलाका है, जहां इस तरह के कोल्ड स्टोरेज का संचालन नहीं होना चाहिए। लोगों ने मांग की है कि सुरक्षा को ताक पर रखकर चलाए जा रहे इस कोल्ड स्टोरेज को यहाँ से तुरंत हटाया जाए।

अलीगंज अग्निकांड की यादें हुईं ताजा, अब तक 4 गिरफ्तार

चिनहट की इस घटना ने बीते दिनों लखनऊ के ही अलीगंज में हुए भीषण अग्निकांड की खौफनाक यादें ताजा कर दी हैं। अलीगंज की एक बिल्डिंग में लगी आग में झुलसकर 15 लोगों की दर्दनाक मौत हो गई थी, जिसने पूरे शहर को हिलाकर रख दिया था। प्रशासन उस हादसे को लेकर बेहद सख्त है और अलीगंज आग हादसे के मामले में अब तक 4 जिम्मेदार आरोपियों की गिरफ्तारी भी की जा चुकी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *