डिजिटल डेस्क- मुंबई की लाइफलाइन कही जाने वाली लोकल ट्रेनों और रेलवे स्टेशन परिसरों में हिंसक वारदातें थमने का नाम नहीं ले रही हैं। चर्चगेट-नालासोपारा लोकल में हुई हत्या के कुछ ही दिनों बाद, अब माहीम रेलवे स्टेशन परिसर में चाकूबाजी की एक और खौफनाक घटना सामने आई है। यहाँ महज एक मामूली धक्का लगने पर युवक द्वारा सॉरी कहने के बावजूद, एक सिरफिरे आरोपी ने उसका पीछा किया और बीच सड़क पर चाकू से जानलेवा हमला कर दिया। फिलहाल, गंभीर रूप से घायल युवक मुंबई के सायन अस्पताल में जिंदगी और मौत की जंग लड़ रहा है।
ड्यूटी से घर लौट रहे थे नवीन, मोबाइल गिरने पर भड़का आरोपी
पुलिस के मुताबिक, माहीम पश्चिम के पीतांबर लेन (कुरेशी महल कंपाउंड) में रहने वाले 35 वर्षीय नवीन प्रसन्न लोअर परेल की एक प्राइवेट कंपनी में ऑफिस बॉय हैं। 25 जून की रात करीब 10 बजे वह ड्यूटी खत्म कर स्लो लोकल ट्रेन से माहीम स्टेशन पहुंचे थे। स्टेशन परिसर से बाहर पैदल घर जाते समय रास्ते में अचानक उनका धक्का एक अज्ञात राहगीर से लग गया, जिससे उस व्यक्ति के हाथ से उसका मोबाइल फोन नीचे गिर गया।
विवाद टालकर आगे बढ़े, लेकिन सेनापति बापट मार्ग पर हुआ हमला
नवीन ने तुरंत इंसानियत दिखाते हुए उस व्यक्ति से माफ़ी मांगी और कहा कि धक्का गलती से लगा था। आरोपी ने जब ज़मीन से अपना मोबाइल उठाया तो वह पूरी तरह सुरक्षित था और उसमें कोई टूट-फूट नहीं हुई थी। इसके बावजूद आरोपी का गुस्सा सातवें आसमान पर पहुंच गया और उसने नवीन को गंदी गालियां देना शुरू कर दिया। नवीन किसी भी तरह के झगड़े से बचने के लिए बिना कुछ बोले वहां से आगे निकल गए। लेकिन आरोपी के सिर पर खून सवार था, उसने सेनापति बापट मार्ग तक नवीन का पीछा किया और मौका पाकर उन पर चाकू से ताबड़तोड़ हमला कर दिया।
भीड़ को चाकू दिखाकर डराया, आरोपी की तलाश में जुटी पुलिस
चाकू लगते ही लहूलुहान नवीन ने मदद के लिए चीख-पुकार मचाई। शोर सुनकर जब आस-पास के लोग दौड़े, तो शातिर आरोपी ने हवा में चाकू लहराकर भीड़ को भी डरा दिया। सरेआम हुई इस चाकूबाजी से पूरे इलाके में अफरा-तफरी मच गई और इसी का फायदा उठाकर आरोपी मौके से फरार हो गया। घायल नवीन किसी तरह तड़पते हुए अपने घर पहुंचे, जहाँ उनके भाई ने उन्हें तुरंत सायन अस्पताल में भर्ती कराया। माहीम पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और रेलवे स्टेशन व आस-पास के सीसीटीवी फुटेज खंगालकर फरार आरोपी की सरगर्मी से तलाश कर रही है।