KNEWS DESK- रसोई में इस्तेमाल होने वाला तेल अगर सही तरीके से स्टोर न किया जाए तो वह जल्दी खराब हो सकता है और सेहत के लिए भी नुकसानदायक बन सकता है। न्यूट्रिशनिस्ट लीमा महाजन के मुताबिक, तेल की गुणवत्ता सिर्फ उसकी ब्रांड या क्वालिटी पर नहीं, बल्कि उसके रखरखाव पर भी निर्भर करती है।

तेल को सही जगह पर रखना क्यों जरूरी है?
न्यूट्रिशनिस्ट का कहना है कि अच्छा से अच्छा कुकिंग ऑयल भी अगर गलत जगह रखा जाए तो ऑक्सीडेशन की वजह से खराब हो सकता है। इससे न सिर्फ उसका स्वाद बदलता है बल्कि उसमें मौजूद पोषक तत्व भी कम हो जाते हैं।
कुकिंग ऑयल स्टोर करने के सही तरीके
सीधे गर्मी से दूर रखें
तेल को कभी भी गैस चूल्हे या किसी भी हीट सोर्स के पास न रखें। लगातार गर्मी के संपर्क में रहने से तेल जल्दी खराब हो जाता है।
ठंडी और अंधेरी जगह चुनें
कुकिंग ऑयल को हमेशा ऐसी जगह रखें जहां धूप न आती हो और तापमान सामान्य हो। अलमारी या बंद कैबिनेट सबसे बेहतर विकल्प है।
बोतल को हमेशा बंद रखें
तेल की बोतल का ढक्कन खुला छोड़ने से ऑक्सीजन अंदर जाती है, जिससे तेल ऑक्सीडाइज होकर खराब होने लगता है। इस्तेमाल के बाद ढक्कन तुरंत बंद करें।
ये 4 चीजें हैं तेल की सबसे बड़ी दुश्मन
गर्मी, धूप, नमी, हवा (ऑक्सीजन) इन सभी के संपर्क में आने से तेल की गुणवत्ता घट जाती है और उसमें मौजूद एंटीऑक्सीडेंट्स भी खत्म होने लगते हैं।
गीली चम्मच डालने से क्यों बचें?
कई लोग घी या तेल निकालने के लिए गीली चम्मच का इस्तेमाल कर लेते हैं, जो गलत है। नमी के कारण बैक्टीरिया पनपने का खतरा बढ़ जाता है और तेल जल्दी खराब हो सकता है।
हाई हीट कुकिंग के लिए कौन से तेल बेहतर हैं?
अगर आप ज्यादा तापमान पर खाना बनाते हैं तो ये तेल बेहतर माने जाते हैं। सरसों का तेल, मूंगफली का तेल, राइस ब्रान ऑयल, नारियल तेल ये तेल हाई टेम्परेचर पर भी ज्यादा स्थिर रहते हैं।
तेल को कितनी बार दोबारा इस्तेमाल करें?
एक ही तेल को बार-बार इस्तेमाल करना सेहत के लिए हानिकारक हो सकता है। विशेषज्ञों के अनुसार, कुकिंग ऑयल को अधिकतम 1 से 2 बार ही दोबारा उपयोग करना चाहिए।
कुकिंग ऑयल की सही देखभाल उतनी ही जरूरी है जितनी उसकी गुणवत्ता। छोटी-छोटी गलतियां तेल को खराब कर सकती हैं और लंबे समय में सेहत पर असर डाल सकती हैं। इसलिए हमेशा तेल को सही तरीके से स्टोर करें और सीमित बार ही दोबारा इस्तेमाल करें।