लखनऊ अग्निकांड का गहरा सदमा… 15 मासूमों की मौत से व्यथित डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक का बड़ा फैसला, कल नहीं मनाएंगे अपना जन्मदिन

शिव शंकर सविता- उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ के अलीगंज में हुए भीषण अग्निकांड ने पूरे प्रदेश को हिलाकर रख दिया है। इस हादसे में 15 मासूम बच्चों की दर्दनाक मौत से दुखी उत्तर प्रदेश के उप मुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने एक बेहद संवेदनशील निर्णय लिया है। डिप्टी सीएम ने घोषणा की है कि कल, यानी 25 जून को वह अपना जन्मदिन नहीं मनाएंगे। उन्होंने कहा कि लखनऊ के कोचिंग सेंटर में हुई इस भयानक जनहानि ने उनके मन को भीतर तक पूरी तरह से उद्वेलित और व्यथित कर दिया है।

‘जब घरों के चिराग बुझ गए हों, तब उत्सव मनाना उचित नहीं’

ब्रजेश पाठक ने एक बेहद भावुक शोक संदेश जारी करते हुए अपने दिल का दर्द बयां किया है। उन्होंने लिखा, “इस दुःखद घटना में अनेक मासूम बच्चों की असामयिक मृत्यु ने पूरे प्रदेश को शोक और पीड़ा से भर दिया है। जब कई परिवारों के घरों के चिराग बुझ गए हों, तब अपने जन्मदिन का उत्सव मनाना किसी भी तरह से उचित प्रतीत नहीं होता।” इसी गहन संवेदना और शोक के भाव के साथ उन्होंने अपना जन्मदिन का कार्यक्रम पूरी तरह निरस्त कर दिया है।

दिवंगत बच्चों की स्मृति और शोकाकुल परिवारों को समर्पित रहेगा दिन

डिप्टी सीएम ने साफ किया कि उनका यह कदम पीड़ित परिवारों के प्रति एकजुटता और गहरी संवेदना प्रकट करने के लिए है। उन्होंने कहा कि कल, 25 जून का यह पूरा दिन उन दिवंगत मासूम बच्चों की पावन स्मृति तथा उनके शोकाकुल परिजनों के प्रति श्रद्धांजलि और संवेदना को समर्पित रहेगा। ब्रजेश पाठक ने ईश्वर से प्रार्थना करते हुए कहा, “प्रभु श्रीहरि से प्रार्थना है कि वे इस अत्यंत हृदयविदारक, पीड़ादायक एवं दुर्भाग्यपूर्ण घटना में दिवंगत सभी बच्चों को अपने श्रीचरणों में स्थान प्रदान करें और शोक संतप्त परिवारों को इस असीम दुःख को सहन करने की शक्ति दें।” इसके साथ ही उन्होंने हादसे में घायल हुए बच्चों के शीघ्र पूर्ण स्वास्थ्य लाभ की भी कामना की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *