KNEWS DESK – अक्षय कुमार की मोस्ट अवेटेड फिल्म ‘वेलकम टू द जंगल’ जल्द ही सिनेमाघरों में दस्तक देने जा रही है। लंबे समय से इस फिल्म का इंतजार कर रहे फैंस के लिए अब रिलीज की तारीख नजदीक आ चुकी है। फिल्म को लेकर लगातार नई अपडेट्स सामने आ रही हैं, जिनमें सबसे बड़ा अपडेट सेंसर बोर्ड की मंजूरी से जुड़ा है।
18 कट्स के बाद मिली सेंसर मंजूरी
सूत्रों के मुताबिक, फिल्म को सेंसर बोर्ड (CBFC) से U/A 16+ सर्टिफिकेट मिला है, लेकिन इसके साथ ही इसमें कुल 18 कट्स लगाए गए हैं। इन कट्स में कई डबल मीनिंग डायलॉग्स और कुछ आपत्तिजनक दृश्यों को हटाया गया है।
बिकिनी सीन्स भी हटाए गए
रिपोर्ट्स के अनुसार, फिल्म से जैकलीन फर्नांडिस और दिशा पाटनी के कुछ बिकिनी सीन्स भी हटा दिए गए हैं। इसके अलावा कुछ ऐसे दृश्य और इशारे भी काटे गए हैं जिन्हें बोर्ड ने आपत्तिजनक माना।
‘वेलकम टू द जंगल’ की रनटाइम 2 घंटे 44 मिनट 50 सेकेंड बताई जा रही है। यह फिल्म 26 जून 2026 को बड़े पर्दे पर रिलीज होगी।
मल्टीस्टारर फिल्म का भव्य प्रोजेक्ट
‘वेलकम’ फ्रेंचाइजी की यह तीसरी फिल्म बताई जा रही है, जिसमें इस बार भी कई बड़े सितारे नजर आएंगे। अक्षय कुमार के साथ फिल्म में अरशद वारसी, सुनील शेट्टी, परेश रावल, राजपाल यादव, जॉनी लीवर, दिशा पाटनी, जैकलीन फर्नांडिस, राहुल देव, कृष्णा अभिषेक, कीकू शारदा, श्रेयस तलपड़े और तुषार कपूर जैसे कलाकार शामिल हैं।
फिल्म के ट्रेलर को पहले ही दर्शकों से अच्छा रिस्पॉन्स मिल चुका है। अब देखना होगा कि रिलीज के बाद यह मल्टीस्टारर कॉमेडी फिल्म बॉक्स ऑफिस पर कैसा प्रदर्शन करती है।