दोषियों को बख्शा नहीं जाएगा….. CM रेखा गुप्ता ने सैदुलाजाब भवन हादसा और हौज रानी अग्निकांड के पीड़ितों से की मुलाकात

Knews Desk- दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने सोमवार को सैदुलाजाब में भवन ढहने और मालवीय नगर के हौज रानी क्षेत्र में हुए भीषण अग्निकांड में जान गंवाने वाले लोगों के परिजनों से मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने शोक संतप्त परिवारों को 10-10 लाख रुपये की अनुग्रह सहायता राशि प्रदान की और उन्हें हर संभव सरकारी मदद का आश्वासन दिया।

मुख्यमंत्री ने दिल्ली सचिवालय में दोनों हादसों से प्रभावित परिवारों से मुलाकात की और गहरी संवेदना व्यक्त की। उन्होंने कहा कि इन घटनाओं में जिन परिवारों ने अपने प्रियजनों को खोया है, उनके दुख को शब्दों में व्यक्त करना संभव नहीं है। उन्होंने कहा कि एक मां, एक बेटी और एक जनसेवक के रूप में वह इस पीड़ा को गहराई से महसूस करती हैं।

सीएम रेखा गुप्ता ने साफ कहा कि इन हादसों के लिए जिम्मेदार लोगों को किसी भी हालत में बख्शा नहीं जाएगा। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि घटनाओं की विस्तृत जांच की जाए और दोषियों पर सख्त कार्रवाई सुनिश्चित की जाए, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकी जा सके।

बताया गया कि 30 मई को सैदुलाजाब में एक इमारत ढहने की घटना हुई थी, जिसमें कई लोगों की जान चली गई थी। इसके बाद 3 जून को हौज रानी क्षेत्र में आग लगने की भीषण घटना सामने आई, जिसमें एक ही परिवार की कई पीढ़ियों ने अपनों को खो दिया। मुख्यमंत्री ने कहा कि ये घटनाएं केवल प्रभावित परिवारों के लिए नहीं बल्कि पूरे समाज के लिए गहरी त्रासदी हैं।

इस अवसर पर मालवीय नगर से विधायक सतीश उपाध्याय और संबंधित विभागों के वरिष्ठ अधिकारी भी मौजूद रहे। पीड़ित परिवारों ने मुख्यमंत्री से मिलकर अपनी पीड़ा साझा की और भविष्य में ऐसी घटनाओं को रोकने के लिए मजबूत सुरक्षा व्यवस्था की मांग की। कई परिजन भावुक हो गए और उन्होंने प्रशासन की आपात प्रतिक्रिया प्रणाली को और बेहतर बनाने पर जोर दिया।

सरकार ने भरोसा दिलाया कि राजधानी में सुरक्षा तंत्र को मजबूत करने के लिए ठोस कदम उठाए जा रहे हैं। विशेष रूप से फायर सेफ्टी सिस्टम को अपग्रेड करने और संकरी गलियों तक पहुंचने में सक्षम छोटे फायर टेंडरों की खरीद की प्रक्रिया शुरू की गई है। इसके साथ ही आपातकालीन सेवाओं की क्षमता बढ़ाने पर भी काम चल रहा है।

दिल्ली सरकार का कहना है कि इन कदमों का उद्देश्य शहर में आग और भवन दुर्घटनाओं की घटनाओं को कम करना और आपात स्थिति में त्वरित राहत सुनिश्चित करना है। मुख्यमंत्री ने दोहराया कि सरकार हर पीड़ित परिवार के साथ खड़ी है और उन्हें न्याय दिलाने के लिए हर संभव प्रयास किए जाएंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *