KNEWS DESK- उत्तराखंड के विकासनगर क्षेत्र में एक युवक की हत्या के बाद हालात बेकाबू हो गए हैं। बैरागीवाला गांव में हुई हिंसक झड़प ने पूरे इलाके को तनाव के माहौल में धकेल दिया है। घटना के बाद गुस्साए लोगों ने प्रदर्शन करते हुए आरोपी के घर में आग लगा दी, जबकि प्रशासन ने एहतियातन इंटरनेट सेवाएं बंद कर दी हैं।
जानकारी के अनुसार, गांव में दो समुदायों के बीच विवाद की शुरुआत खेत में पानी लगाने को लेकर हुई थी, जो धीरे-धीरे हिंसक झड़प में बदल गई। इस झड़प में एक हिंदू युवक की मौत हो गई, जबकि एक महिला समेत तीन लोग घायल हुए हैं। युवक की मौत की खबर फैलते ही इलाके में आक्रोश फैल गया और बड़ी संख्या में लोग सड़कों पर उतर आए।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, गुस्साई भीड़ ने आरोपियों की गिरफ्तारी और उनके घरों पर कार्रवाई की मांग को लेकर प्रदर्शन शुरू किया। देखते ही देखते हालात बिगड़ गए और भीड़ ने पुलिस की मौजूदगी में पत्थरबाजी और आगजनी की घटना को अंजाम दिया।
घटना का एक सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है, जिसमें कई लोग लाठी-डंडों के साथ एक-दूसरे पर हमला करते और अफरा-तफरी के बीच भागते दिखाई दे रहे हैं। फुटेज के आधार पर पुलिस ने आरोपियों की पहचान और गिरफ्तारी की प्रक्रिया तेज कर दी है।
स्थिति को नियंत्रित करने के लिए प्रशासन ने पूरे क्षेत्र में भारी पुलिस बल तैनात कर दिया है और इंटरनेट सेवाएं अस्थायी रूप से बंद कर दी गई हैं। स्थानीय विधायक ने अस्पताल पहुंचकर घायलों और मृतक के परिजनों से मुलाकात की और दोषियों पर सख्त कार्रवाई का आश्वासन दिया।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है और जल्द ही सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा। फिलहाल इलाके में तनाव बना हुआ है और सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है।