KNEWS DESK- अक्सर रसोई में सब्जियां बनाते समय उनके छिलकों को बेकार समझकर फेंक दिया जाता है। लेकिन क्या आप जानते हैं कि तोरई के छिलकों में भी कई जरूरी पोषक तत्व मौजूद होते हैं? इनमें फाइबर, विटामिन और एंटीऑक्सीडेंट भरपूर मात्रा में पाए जाते हैं। ऐसे में इन्हें कूड़ेदान में फेंकने के बजाय स्वादिष्ट डिश में बदलना ज्यादा समझदारी का काम है।

अगर आप रोज़ की सब्जियों से कुछ अलग ट्राई करना चाहते हैं, तो बेसन और मसालों के साथ तैयार की गई तोरई के छिलकों की सूखी सब्जी जरूर बनाएं। इसका स्वाद इतना शानदार होता है कि खाने वाले यकीन नहीं कर पाएंगे कि यह छिलकों से बनाई गई है।
जरूरी सामग्री
- 2 कप तोरई के बारीक कटे छिलके
- 2 से 3 बड़े चम्मच बेसन
- 2 बड़े चम्मच सरसों का तेल
- आधा-आधा छोटा चम्मच राई और जीरा
- एक चुटकी हींग
- 2 बारीक कटी हरी मिर्च
- आधा छोटा चम्मच हल्दी
- 1 छोटा चम्मच लाल मिर्च पाउडर
- 1 छोटा चम्मच धनिया पाउडर
- आधा छोटा चम्मच अमचूर पाउडर
- नमक स्वादानुसार
- बारीक कटा हरा धनिया
ऐसे बनाएं स्वादिष्ट सब्जी
सबसे पहले तोरई को अच्छी तरह धोकर उसके मोटे छिलके निकाल लें और उन्हें बारीक टुकड़ों में काट लें।
अब एक कढ़ाई में सरसों का तेल गर्म करें। तेल गर्म होने पर उसमें राई, जीरा और हींग डालकर तड़का लगाएं। इसके बाद हरी मिर्च डालकर कुछ सेकंड भून लें।
अब कटे हुए छिलके और नमक डालकर अच्छी तरह मिलाएं। कढ़ाई को ढक दें और मध्यम आंच पर 4 से 5 मिनट तक पकाएं ताकि छिलके नरम हो जाएं।
इसके बाद हल्दी, लाल मिर्च और धनिया पाउडर डालकर मसालों को अच्छी तरह मिला लें। अब ऊपर से बेसन छिड़कें और धीमी आंच पर लगातार चलाते हुए भूनें, ताकि बेसन अच्छी तरह पक जाए और छिलकों पर लिपट जाए।
जब सब्जी कुरकुरी होने लगे, तब अमचूर पाउडर और हरा धनिया डालकर अच्छी तरह मिला लें।
स्वाद और सेहत दोनों का खजाना
तैयार बेसन वाली तोरई छिलका सब्जी को आप रोटी, पराठे या दाल-चावल के साथ परोस सकते हैं। यह रेसिपी न केवल खाने का स्वाद बढ़ाती है, बल्कि फूड वेस्टेज कम करने का भी बेहतरीन तरीका है।
अगली बार जब घर में तोरई बने, तो उसके छिलकों को फेंकने के बजाय इस आसान रेसिपी को जरूर ट्राई करें।