KNEWS DESK – स्टैंडअप कॉमेडियन और रियलिटी शो बिग बॉस 19 के चर्चित कंटेस्टेंट रहे प्रणीत मोरे इन दिनों ‘370 की बिरयानी’ विवाद को लेकर लगातार सुर्खियों में बने हुए हैं। इस मामले को लेकर सोशल मीडिया पर उन्हें भारी आलोचना का सामना करना पड़ा, वहीं उनके खिलाफ कानूनी कार्रवाई भी शुरू हुई। अब लंबे समय बाद प्रणीत मोरे ने सामने आकर पूरे मामले पर अपनी प्रतिक्रिया दी है और सार्वजनिक रूप से माफी मांगी है।
सोशल मीडिया पर साझा किए गए एक वीडियो में प्रणीत मोरे ने स्वीकार किया कि शो के दौरान उनसे गंभीर चूक हुई। उन्होंने कहा कि विवादित टिप्पणी करने वाले व्यक्ति को वह उसी समय रोक सकते थे, लेकिन ऐसा नहीं कर पाए। उनके अनुसार, उस वक्त माहौल और दर्शकों की प्रतिक्रिया के कारण उनसे निर्णय लेने में गलती हुई, जिसका उन्हें अब पछतावा है।
प्रणीत ने कहा कि जिस टिप्पणी ने विवाद का रूप लिया, उसे मंच मिलने में उनकी भी भूमिका रही। उन्होंने माना कि एक कलाकार और मंच संचालक होने के नाते उनकी जिम्मेदारी बनती थी कि वह आपत्तिजनक बातों का विरोध करते। उन्होंने कहा कि अगर किसी की भावनाएं आहत हुई हैं तो वह दिल से क्षमा चाहते हैं।
https://www.instagram.com/reels/DZg3gbLRE-y/
कॉमेडियन ने यह भी बताया कि विवाद के बाद उन्हें लगातार ट्रोलिंग का सामना करना पड़ा, जिसके चलते उन्होंने कुछ समय के लिए सोशल मीडिया से दूरी बना ली थी। अब वापस लौटकर उन्होंने अपने प्रशंसकों और दर्शकों से एक और मौका देने की अपील की है।
वीडियो में उन्होंने कहा कि यह घटना उनके लिए एक बड़ी सीख साबित हुई है। भविष्य में वह अपने कंटेंट और काम करने के तरीके पर अधिक जिम्मेदारी के साथ ध्यान देंगे। साथ ही उन्होंने भरोसा दिलाया कि जो भी कानूनी प्रक्रिया चल रही है, उसमें वह संबंधित अधिकारियों का पूरा सहयोग करेंगे।
गौरतलब है कि ‘370 की बिरयानी’ टिप्पणी को लेकर सोशल मीडिया पर काफी विवाद हुआ था। मामला इतना बढ़ गया कि इससे जुड़े व्यक्ति को नौकरी तक गंवानी पड़ी। अब प्रणीत मोरे की माफी के बाद यह देखना दिलचस्प होगा कि दर्शक और सोशल मीडिया यूजर्स उनकी इस सफाई को किस तरह लेते हैं।