बांदाः थाने के अंदर बयान दे रही बेटी पर पिता ने चाकू से किए ताबड़तोड़ वार, इलाज के दौरान मौत

डिजिटल डेस्क- उत्तर प्रदेश के बांदा जिले से ‘ऑनर किलिंग’ यानी झूठी शान के लिए हत्या का एक बेहद सनसनीखेज मामला सामने आया है। बदौसा थाने के अंदर बयान दर्ज करा रही 19 वर्षीय युवती पर उसके सगे पिता ने जेब में छिपाकर लाए बटनदार चाकू से ताबड़तोड़ वार कर दिए। वारदात थाने के गलियारे में थानाध्यक्ष के कमरे के ठीक बगल में हुई, जिससे वहां मौजूद पुलिसकर्मियों के हाथ-पांव फूल गए। लहूलुहान युवती को तुरंत मेडिकल कॉलेज ले जाया गया, लेकिन रास्ते में ही उसने दम तोड़ दिया। पुलिस ने हत्यारे पिता को मौके से ही दबोच लिया।

संविदा लाइनमैन के बेटे से था प्रेम प्रसंग, घर से भागकर की थी शादी

बदौसा थाना क्षेत्र के बरछा ब गांव निवासी सत्यकुमार सिंह की तीसरे नंबर की बेटी शिवानी (19) का पिछले दो साल से पड़ोस में रहने वाले अनुसूचित जाति के संविदा लाइनमैन के बेटे ललित के साथ प्रेम प्रसंग चल रहा था। दोनों परिवार इस रिश्ते के खिलाफ थे और पहले भी विवाद हो चुका था। बीती 18 मई की रात शिवानी अपने प्रेमी ललित के साथ घर से चली गई थी। अगले दिन मां रन्नो ने ललित के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई। शुक्रवार सुबह पुलिस ने दोनों को मध्य प्रदेश के सतना (बरौंधा) से बरामद किया और थाने लेकर आई।

‘प्रेमी के साथ ही रहूंगी’… जिद सुनते ही पिता ने खोया आपा

थाने के गलियारे में मुंशियाने के बाहर शिवानी के बयान दर्ज हो रहे थे। माता-पिता की मौजूदगी में शिवानी ने साफ कहा कि उसने 10 दिन पहले ही प्रेमी के साथ मंदिर में शादी कर ली है और वह उसी के साथ रहना चाहती है। पुलिस शिवानी को वन स्टॉप सेंटर भेजने की लिखापढ़ी कर ही रही थी कि पास खड़े पिता सत्यकुमार ने पैंट की जेब से अचानक बटनदार चाकू निकाला और शिवानी के पेट और हाथ पर ताबड़तोड़ चार वार कर दिए। शिवानी की चीख सुनकर पुलिसकर्मी दौड़े और खून से सना चाकू लहरा रहे पिता को दबोचा। आरोपी पिता ने बाद में पुलिस को बताया: “बिरादरी में मेरी थू-थू हो रही थी। मैंने बच्चों को बहुत प्यार से पाला था, लेकिन जब थाने में भी शिवानी प्रेमी के साथ जाने की जिद पर अड़ी रही, तो मैंने अपना आपा खो दिया।”

मां की तहरीर पर पति के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज

गंभीर रूप से घायल शिवानी को पहले सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां से डॉक्टरों ने उसे रानी दुर्गावती मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया। अस्पताल पहुंचने से पहले ही अत्यधिक खून बह जाने के कारण युवती की मौत हो गई। फॉरेंसिक टीम ने घटनास्थल (थाने की गैलरी) का मुआयना कर वहां से खून से सना चाकू बरामद किया है। इस घटना के बाद मृतका की मां रन्नो चौहान की तहरीर पर पुलिस ने खुद उसके पति सत्यकुमार के खिलाफ हत्या की प्राथमिकी दर्ज की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *