मुंबई में इश्क, बिजनौर में दफन हुई मोहब्बत… जिस प्रेमी के लिए पति को छोड़ा, उसी ने गन्ने के खेत में दी दर्दनाक मौत

डिजिटल डेस्क- उत्तर प्रदेश के बिजनौर जिले से एक रूहकंपा देने वाली सनसनीखेज वारदात सामने आई है। मुंबई में कार्यरत 35 वर्षीय एक तलाकशुदा नर्स सना की उसके 20 वर्षीय प्रेमी फैसल ने गला घोंटकर बेरहमी से हत्या कर दी। हत्या करने के बाद आरोपी ने शव को छुपाने के इरादे से बिजनौर के मंडावर थाना क्षेत्र के अंतर्गत फतेहपुर सभाचंद के जंगल में एक गन्ने के खेत में दफना दिया। मुंबई पुलिस ने कड़ियां जोड़ते हुए आरोपी को हिरासत में लिया और उसकी निशानदेही पर शुक्रवार शाम को बिजनौर पुलिस के सहयोग से जमीन खोदकर सना का शव बरामद कर लिया। मूल रूप से बिजनौर के ग्राम सैफपुर खादर का रहने वाला फैसल अंसारी मुंबई के जोगेश्वरी वेस्ट इलाके में एक सैलून में काम करता था। वहीं पर उसकी नजदीकियां अस्पताल में नर्स का काम करने वाली सना से बढ़ीं। सना उम्र में फैसल से करीब 15 साल बड़ी थी और उसका एक 9 साल का बेटा भी था। फैसल के प्यार में अंधी होकर सना ने अपने पति तक को तलाक दे दिया था। हाल ही में फैसल ईद मनाने अपने गांव बिजनौर आया हुआ था, लेकिन शादी की जिद पर अड़ी सना भी 29 मई को उसके पीछे-पीछे बिजनौर पहुंच गई।

बाइक पर जंगल ले जाकर किया कत्ल, गन्ने के खेत में दबाया शव

पुलिस की प्राथमिक जांच में सामने आया कि सना लगातार फैसल पर साथ रहने और तुरंत शादी करने का दबाव बना रही थी। फैसल और उसका परिवार इस शादी के खिलाफ थे। पीछा छुड़ाने के लिए फैसल 29 मई को सना को अपनी बाइक पर बैठाकर फतेहपुर सभाचंद के सुनसान जंगल में ले गया। वहां उसने सना का गला घोंटकर उसे मौत की नींद सुला दिया और एक किसान के ईख के खेत में गड्ढा खोदकर शव को दबा दिया। इस खौफनाक कृत्य को अंजाम देने के बाद आरोपी बेहद शातिर तरीके से वापस मुंबई लौट गया ताकि किसी को शक न हो।

‘चाबी ढूंढो, वह लौट आएगी…’ बहनों को गुमराह करता रहा कातिल

उधर, जब सना का कोई अता-पता नहीं चला तो परिजनों ने 2 जून को मुंबई के ओसीवारा पुलिस स्टेशन में उसकी गुमशुदगी दर्ज कराई। सना की बहन शबाना के मुताबिक, फैसल लगातार उन्हें गुमराह करता रहा। वह कहता था कि— “कमरे की चाबी ढूंढो, सना चाबी लेकर गई है तो लौट आएगी, वरना नहीं।” वह लगातार पुलिसिया कार्रवाई पर भी नजर रखे हुए था। हालांकि, 10 जून को जब पुलिस को सना के मोबाइल की कॉल डिटेल रिकॉर्ड (CDR) मिली, तो उसकी आखिरी लोकेशन बिजनौर में फैसल के साथ पाई गई। इसके बाद मुंबई पुलिस ने सख्ती दिखाते हुए फैसल को हिरासत में लिया, जहां उसने अपना जुर्म कबूल कर लिया।

शव बरामदगी के बाद कानूनी पेंच में उलझी पुलिस

शुक्रवार शाम करीब 7 बजे मुंबई पुलिस की टीम कातिल फैसल को साथ लेकर बिजनौर के मंडावर थाना क्षेत्र पहुंची। सीओ सिटी अभय कुमार पांडेय और थाना प्रभारी संजय तोमर की मौजूदगी में मजिस्ट्रेट के आदेश पर खेत की खुदाई कराकर शव को बाहर निकाला गया और पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया। शव मिलने के बाद अब दोनों राज्यों की पुलिस के बीच क्षेत्राधिकार को लेकर पेंच फंस गया है। मुंबई पुलिस चाहती है कि जीरो एफआईआर के तहत मामला बिजनौर के मंडावर थाने में दर्ज हो, जबकि मृतका की बहन शबाना बिजनौर में केस दर्ज कराने को तैयार नहीं हैं और मामले को मुंबई ले जाना चाहती हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *