‘नया भारत काम से पहचान बनाता है’, पीएम मोदी के 12 साल पर बोले सीएम धामी

KNEWS DESK – उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार के 12 वर्ष पूरे होने पर इसे जनसेवा, सुशासन और विकास का स्वर्णिम काल बताया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी का कार्यकाल देश को आत्मनिर्भर, सुरक्षित और वैश्विक स्तर पर सम्मानित राष्ट्र बनाने में महत्वपूर्ण साबित हुआ है।

मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि जनता ने लगातार तीन लोकसभा चुनावों में नरेंद्र मोदी पर भरोसा जताकर यह साबित किया है कि देश अब केवल नारों पर नहीं, बल्कि विकास और काम के आधार पर वोट देता है। उनके अनुसार, प्रधानमंत्री के नेतृत्व में भारत ने हर क्षेत्र में उल्लेखनीय प्रगति की है।

उन्होंने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि पहले योजनाएं केवल कागजों तक सीमित रहती थीं, जबकि आज योजनाओं का समयबद्ध क्रियान्वयन और लोकार्पण हो रहा है। उन्होंने दावा किया कि मोदी सरकार ने करोड़ों लोगों को गरीबी से बाहर निकालने, भ्रष्टाचार पर अंकुश लगाने और सरकारी लाभ सीधे जनता तक पहुंचाने का काम किया है।

धामी ने कहा कि राम मंदिर निर्माण, जनधन योजना, आयुष्मान भारत, उज्ज्वला योजना, स्वच्छ भारत मिशन और जल जीवन मिशन जैसी योजनाओं ने देश के करोड़ों लोगों के जीवन में सकारात्मक बदलाव लाया है। उन्होंने यह भी कहा कि भारत आज डिजिटल भुगतान, आधारभूत संरचना और तकनीकी विकास के क्षेत्र में दुनिया के अग्रणी देशों में शामिल है।

उत्तराखंड का जिक्र करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के मार्गदर्शन में राज्य में तीन लाख करोड़ रुपये से अधिक की विकास परियोजनाओं पर काम चल रहा है। केदारनाथ और बदरीनाथ धाम पुनर्विकास, चारधाम ऑल वेदर रोड, ऋषिकेश-कर्णप्रयाग रेल परियोजना और दिल्ली-देहरादून कॉरिडोर जैसी योजनाओं ने राज्य की तस्वीर बदल दी है।

मुख्यमंत्री ने विश्वास जताया कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में भारत जल्द ही दुनिया की तीसरी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बनेगा और विकसित भारत का लक्ष्य हासिल करेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *